मप्र में 1 मई से शुरू नहीं होगा 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण- सीएम शिवराज सिंह

भोपाल. मप्र में 1 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का टीकाकरण प्रारंभ नहीं होगा। टीका कंपनियों से टीका नहीं मिलने की वजह से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। 3 मई तक टीके मिलने की संभावना जताई गई है इसलिए टीकाकरण कार्यक्रम इसके बाद घोषित होगा। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने टीकाकरण की वीडियो कॉफ्रसिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए कही। 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को टीका लगाने का काम पहले की तरह चलता रहेगा।
3 मई को टीके के डोज मिलने की संभावना
प्रदेश में 1 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों का कोरोना टीका लगाने का अभियान शुरू किया जाना था। सरकार ने इसके लिए तैयारियां कर ली थी। कोवि शील्ड टीके के 45 लाख डोज खरीदने के आदेश भी दिए जा चुके है। प्रदेश में 3.22 करोड़ से अधिक नागरिकों को टीका लगना है इस पर सरकार लगभग 2710 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बैठक में बताया गया कि टीका निर्माता कंपनियों से टीके अभी प्राप्त नहीं हुए है इसकी वजह से 1 मई से अभियान प्रारंभ नहीं किया जा सकेगा, 3 मई को टीके के डोज मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना का टीका 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्तियों को भी निशुल्क लगाया जाएगा। जैसे-जैसे निर्माता कंपनियों से टीके के डोज प्राप्त होंगे वैसे-वैसे टीकाकरण किया जाएगा। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
अस्पतालों में टीका नहीं लगेगा
सीएम ने बैठक में निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए अस्पतालों में टीके नहीं लगाए जाएं। इसके लिए नए केंद्र स्थापित किए जाएं। अस्पतालों में संक्रमण की संभावना अधिक रहती है और कोरोना संक्रमण की जांच कराने से लेकर अन्य बीमारियों को लेकर व्यक्ति अस्पताल में बड़ी संख्या में आ रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *