इंदौर, भोपाल, जबलपुर व ग्वालियर में लॉकडाउन के बाद नए मरीजों से ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी
भोपाल. मध्य प्रदेश में लॉकडाउन का असर दिखने लगा है, 4 बड़े शहरों इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में थोड़ी राहत है। यहां 24 घंटे में नए केस से ज्यादा लोग ठीक हुए है। पूरे प्रदेश में 12400 कोरोना संक्रमित सामने आए है इस दौरान 97 मरीजों की मौत हुई है। उधर छतरपुर के एसडीएम संतोष चंदेल की कोरोना से मौत हो गई है और उन्हें गंभीर हालत में एयरलिफ्ट करके हैदराबाद ले जाया गया था। दमोह के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष देवनारायण श्रीवास्तव ने भी कोरोना से दम तोड दिया। वहीं खरगोन कलेक्टर अनुग्रह पी और सीएमएचओ डॉक्टर एसके सरल पॉजिटिव आए है।
प्रदेश के चार बड़े शहरों इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में बीते 24 घंटे में 5302 नए संक्रमित मिले। 5952 ठीक हुए है जबकि 26 की मौत हो गई। इंदौर में सबसे ज्यादा 1811 नए संक्रमित मिले है और 2135 डिस्चार्ज हुए है।
ग्वालियर के सरकारी रिकॉर्ड में 7 मौत, कोविड अस्पतालों में 38 मौत हुई
ग्वालियर में कोविड अस्पतालों में बीते 24 घंटे में 38 संक्रमितों की मौत हुई लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में सिर्फ 7 मौतें ही दर्ज की गई और 38 में से 30 ग्वालियर जिले के थे। यहां 980 नए संक्रमित मिले है लेकिन राहत की बात यह रही कि उससे ज्यादा 1071 स्वस्थ होकर घर गए। अब तक संक्रमितों की संख्या 40 हजार से ज्यादा है।
