ग्वालियर में सांसे खत्म होने से 5 की मौत जबकि 100 मीटर की दूरी पर खड़ा था ऑक्सीजन से भरा टैंकर
ग्वालियर. अंचल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल जयारोग्य चिकित्सालय समूह के कमलाराजा चिकित्सालय में मंगलवार की सुबह ऑक्सीजन खत्म हो जाने से 5 मरीजों की जान चली गयी है। पिछले 5 दिन में यह दूसरा मौका था जब जेएएच समूहमें ऑक्सीजन न होने से मरीजों की जानें गयी। खास बात यह है कि जब यह हादसा हुआ तब ब-मुश्किल 100 मीटर की दूरी पर जेएएच परिसर में ऑक्सीजन टैंकर खड़ा हुआ था। यह टैंकर सुबह 8 बजे ही यहां पहुंचा था। जेएएच परिसर में यह मरीज केआरएच की तीसरी मंजिल पर भर्ती थे। इससे पहले शुक्रवार-शनिवार की रात मेडीसिन आईसीयू में ऑक्सीजन खत्म होने जाने से यहां भर्ती 6 लोगों की सांसें थम गयी थी।
क्या है पूरा मामला
सुबह 11 बजे करीब केआरएच की तीसरी मंजिल पर भर्ती नोन. कोविड मरीजों का ऑक्सीजन फ्लोर घटा तो अफरा.तफरी मच गई। जूनियर डॉक्टरों और नर्सों ने अंबू बैग और दूसरे वार्डों से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाकर मरीजों की जान बचाने के प्रयास किएए लेकिन एक घंटे में 3 मरीजों की सांसें टूट गईं। मृतकों में किलागेट निवासी जयप्रकाश सिंघल, दाल बाजार निवासी मीरा देवी, मुरैना की रामश्री शामिल हैं। इसके 2 घंटे बाद शिवपुरी के राजेश जैन और गदाईपुरा के संजय ने भी दम तोड़ दिया। मरीजों की मौत के बाद उनके अटेंडेंट ने आपा खो दिया। वे डॉक्टर्स और नर्सों को गालियां देने लगे। अटेंडेंट के गुस्से को देखकर डॉक्टर और नर्स वहां से जान बचाकर भाग गए। दोपहर 12 बजे कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक और ग्वालियर पूर्व के विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार केआरएच पहुंच गए। दोनों ने कलेक्टर और जेएएच के अधिकारियों से फोन पर बात कर तुरंत ऑक्सीजन का इंतजाम करने के लिए कहा। इसके बाद विधायक प्रवीण पाठक खुद सुपर स्पेशलिटी के पास खड़े ऑक्सीजन टैंकर तक पहुंचे और उसे केआरएच के प्लांट के लिए रवाना किया। इस दौरान रास्ते में सेना का ट्रक खड़ा था, जिसे धकेलकर एक तरफ किया गया। दोपहर करीब 12.30 बजे ऑक्सीजन सप्लाई बहाल होने पर स्थिति सामान्य होने लगी। इसी दौरान निगमायुक्त शिवम वर्मा पुलिस बल ने साथ मौके पर पहुंचे और लोगों की भीड़ को वहां से हटाया। इस बीच अटेंडेंट अधिकारियों और विधायकों से एक ही गुहार लगा रहे थे कि डॉक्टरों को बुलवा दो, ताकि हमारे मरीज का इलाज शुरू हो जाए।
कलेक्टर ने रूकवाया टैंकर तब मरीजों को मिली ऑक्सीजन
जेएएच में ऑक्सीजन का टैंकर सुबह 8 बजे आ गया था। टैंकर में 18 टन ऑक्सीजन थी। इसमें 13 टन जेएएच के लिये और 4 टन ऑक्सीजन दतिया मेडीकल कॉलेज के लिये थी। टैंकर से जेएएच और सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के प्लांट भर दिये गये। अस्पताल के अधिकारियों ने बाकी ऑक्सीजन केआरएच के लिये भरने को कहा तो टैंकर चालक ने यह कहते हुए मना कर दिया कि यह ऑक्सीजन दतिया की हैं। अधिकारियों ने इसकी सूचना कलेक्टर कौशलेन्द्रविक्रम सिंह को दी । कलेक्टर ग्वालियर ने दतिया कलेक्टर से बात की और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि टैंकर को रोका जाये। पुलिस अधिकारियों ने वायरलेस पर पुलिस बल को निर्देश दिये कि ऑक्सीजन टैंकर जहां भी दिखे उसे रोककर जेएएच भेजा जाये और इसके बाद टैंकर से 2 टन ऑक्सीजन केआरएच में भरी और शेष 2 टन वह दतिया ले गया।
