विदाई से पहले ही बिछड़े दुल्हा -दुल्हन, सड़क हादसे में दूल्हे की मौत

ग्वालियर. मप्र के भिण्ड जिले में शादी वाले दिन घर की खुशियां मातम में बदल गयी। यहां बिदाई के लिये कार संजवाने गये दूल्हे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। यह हादसा मंगलवार की दोपहर अटेर पोरसा हाइवे पर किन्नोठा गांव के पास हुआ। दुल्हे के परिजनों को जब इसकी खबर लगी तो कोहराम मच गया।
क्या है पूरा मामला
शहर के कृष्णा कॉलोनी में मंगलवार की दोपहर एक घर में वधू आगमन की तैयारियां चल रही थीं, तभी दुल्हन की जगह दूल्हा का शव देख खुशियों वाले घर में मातम पसर गया। दूल्हे की मंगलवार की दोपहर अटेर पोरसा हाईवे पर किन्नोठा गांव के पास हुए सड़क हादसे में जान चली गई। शहर की कृष्णा कॉलोनी निवासी सोनू (22) पुत्र रामबाबू वाल्मीकि की पोरसा किन्नोठा निवासी ज्योति के साथ शादी तय हुई थी। सोमवार को सोनू परिवार के साथ बारात लेकर गया था। रात के समय शादी की सारी रस्में पूरी होने बाद मंगलवार की दोपहर विदा की तैयारी थी। विदाई से पहले सुबह करीब 11.30 बजे सोनू अपनी बुआ के बेटे अरुण (20), अर्जुन (22) निवासी नदीगांव, मनीष (18), अभिषेक (5) निवासी मुरलीपुरा, जीजा राज (26) निवासी इटावा के साथ कार सजवाने के लिए पोरसा जा रहा था।

गाड़ी ड्रायवर वीरेंद्र निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चला रहा था। यह लोग गांव से निकलकर हाईवे पर आए ही थे कि सामने से तेज रफ्तार आ रही कार को ओवरटेक करने से सोनू की गाड़ी अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बीच से दो हिस्सों में फट गई, जिसमें सभी लोग घायल हो गए। सोनू भी गंभीर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए तत्काल स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रैफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *