एमपी बोर्ड-10वीं का रिजल्ट सीबीएसई की तर्ज पर बनाने की सहमति
भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना महामारी के बीच 10वीं का रिजल्ट सीबीएसई की तर्ज पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर बनाने पर सहमति बन गई है। ये निर्णय एमपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर औपचारिक बैठक में लिया गया। इससे पहले बैठक में चर्चा की गई की 10वीं बोर्ड परीक्षा पास करने के बाद स्टूडेंट दूसरे राज्यों यानी महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली में सीबीएसई बोर्ड के स्कूल में एडमिशन लेते है इसलिए भविष्य को ध्यान में रखकर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि पिछले साल एमपी बोर्ड के रिजल्ट के आधार पर स्टूडेंट को अन्य राज्यों में एडमिशन मिलने में दिक्कत आई थी। ऐसे में अब सीबीएसई की तर्ज पर रिजल्ट तैयार करने पर सहमति बनी है लेकिन अंतिम निर्णय जल्दी लिया जाएगा।
इधर मंत्रालय जानकारों ने बताया कि बैठक में कक्षा 12वीं की परीक्षा को लेकर फिलहाल फैसला नहीं हुआ है। दरअसल स्कूल शिक्षा विभाग पिछले सप्ताह होम आईसोलेट और कोविड केयर सेंटर में कोरोना का इलाज करा रहे मरीजों के लिए चलाए जा रहे योग ट्रेनिंग प्रोग्राम में व्यस्त है इसलिए बैठक औपचारिक थी। जल्द ही अगली बैठक बुलाई जाएगी जिसमें कक्षा 12वीं की परीक्षा को लेकर निर्णय होगा।
वहीं जानकारी मिली है कि 12वीं की परीक्षाएं जून माह में कराने की तैयारी है। यह परीक्षा ऑनलाइन होगी या ऑफलाइन, इसका निर्णय होना बाकी है हालांकि परीक्षा ऑफलाइन ही होने के संकेत मिल रहे है। स्कूल शिक्षा मंत्री परमार ने पहले ही स्पष्ट किया था कि जनरल प्रमोशन किसी भी हाल में नहीं देंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर 30 अप्रैल के बजाय जून के पहले सप्ताह से आयोजित करने का फैसला तो ले लिया है लेकिन यह परीक्षाएं किस पद्धति से होंगी अभी तक यह तय नहीं हो पाया है।
