उप्र में एक दिन में कोरोना के 2500 केस घटे व 25 हजार से ज्यादा मरीज स्वास्थ्य हुए
उत्तर प्रदेश. उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 35614 नए केस सामने आए हैं यह आंकड़ा एक दिन पहले आए मरीजों से करीब 2500 कम है। सरकार का दावा है कि इस दौरान 25633 मरीज ठीक हुए है। यानी प्रदेश में कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा भी बढ़ा है। 24 घंटे में यूपी में 2 लाख 30 हजार टेस्ट किए गए जो अब तक का सबसे कम आंकड़ा है इसमें 1 लाख 7 हजार से ज्यादा लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट हुआ है।
इस बीच उप्र के सीएम योगी आदित्यनाथ ने तय कर दिया है कि कोविड कमांड सेंटर से यदि सरकारी अस्पताल का बेड आवंटित न हो सके तो मरीज को निजी अस्पताल भेजा जाए और उसका खर्च राज्य सरकार ही देगी। इसी तरह निजी अस्पतालों में गरीबों का इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश है कि कहीं भी कोई मरीज इलाज के अभाव में तड़पा तो संबंधित जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी जवाबदेह होंगे।
मुख्यमंत्री ने एक वर्चुअल बैैठक में कहा कि प्रदेश में एक भी मरीज को बेड का अभाव नहीं होगा और सभी जिलों में इस संबंध में आवश्यक प्रबंध किए गए है। अगर सरकारी अस्पताल में बेड खाली नहीं है तो निजी अस्पताल में इलाज की सुविधा मिले। सरकार नियमानुसार उसका भुगतान करेगी। यह व्यवस्था उन मरीजों के लिए होगी जिन्हें कोविड कमांड सेंटर से निजी अस्पताल भेजा जाएगा।
