शताब्दीपुरम आरओबी में रेलवे का कार्य पूर्ण लेकिन पीडब्ल्यूडी का काम अधूरा
ग्वालियर. लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन शहर के तीन महत्वपूर्ण रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) रेलवे और लोक निर्माण विभाग (सेतु संभाग) के अफसरों के बीच समन्वय के अभाव में लेट हो रहे है। शताब्दीपुरम आरओबी में रेलवे ने अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही गार्डर लांचिग कर दी थी लेकिन पीडब्ल्यूडी सेतु संभाग के इंजीनियर साइट की रोड व अन्य कार्य पूर्ण नहीं करा पा रहे है। दूसरी तरफ विवेकानंद नीडम व तानसेन आरओबी में पटरियों के ऊपर के हिस्से की तरफ गार्डर लांचिग का काम रेलवे पूरा नहीं करा पा रहा हैै।
काम पूरा कराने के बाद आरओबी शुरू कराएंगे
मोहर सिंह जादौन, कार्यपालन यंत्री, सेतु संभाग शाख, लोक निर्माण विभाग
शताब्दीपुरम से यादव धर्मकांटा के बीच तैयार होने वाले आरओबी का काम क्यों बंद है इस बारे में ठेकेदार से चर्चा की जाएगी और काम चालू कराया जाएगा। उस आरओबी को अगले एक से दो महीने में ट्रैफिक के लिए शुरू करा दिया जाएगा। गार्डर वाली पुलिस और नीडम के आरओबी का काम भी जल्द पूरा कराने के लिए प्रयास किए जा रहे है।
मनोज कुमार सिंह पीआरओ, रेलवे झांसी मंडल
यादव धर्मकांटा आरओबी में रेलवे के हिस्से का काम पूरा हो गया था इसमें गार्डर लांचिग सहित सभी तकनीकी काम शामिल है।
तानसेन व नीडम आरओबी में रेलवे का काम अधूरा
तानसेन आरओबी और विवेकानंद नीडम रेलवे ओवर ब्रिज रेलवे के कारण लेट हो रहे है। रेलवे तानसेन आरओबी में पटरियों के ऊपर गार्डर लांचिग का काम ही शुरू नहीं कर पा रही है। कई बार सर्वे हो चुके है लेकिन तकनीकी व सुरक्षा कारणों से ड्रॉइंग पास नहीं हो पा रही है। वहीं बजट स्वीकृत होने के बाद भी विवेकानंद नीडम आरओबी भी तैयार नहीं हो पा रहा है। कई बार आरओबी के लिए रेलवे अफसरों ने निरीक्षण किया लेकिन काम शुरू नहीं हो सका।
यह होगा फायदा
शताब्दीपुरम आरओबी के नाम से बन रहे इस रेलवे ओवर ब्रिज के शुरू होने से चार शहर का नाका से दीनदयाल नगर की दूरी कम होगी। वहीं भिंड रोड से शर्मा फार्म हाउस हाईवे तक के बीच की लगभग दो किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। इस आरओबी के बनने से किलागेट चार शहर का नाका के वाहन आरओबी होते हुए सीधे शताब्दीपुरम, डीडी नगर व आदित्यपुरम जा सकेंगे।
हमने दिक्कतें दूर करा दी है- नरेंद्र सिंह, केन्द्रीय मंत्री
रेलवे के वरिष्ठ अफसरों से ग्वालियर के लंबित तीनों रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के लिए मेरी चर्चा हो चुकी है। गार्डर लांचिग का अधूरा कार्य जल्द पूर्ण हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग का जो कार्य लंबित है वह भी पूर्ण होने वाला है। कोविड व अन्य कारणों से जो भी दिक्कत थीं उन्हें दूर करा दिया गया है। ये तीनों आरओबी मेरी प्राथमकिता में शामिल है और इनकी मैं लगातार मॉनीटरिंग कर रहा हूं।
यादव धर्मकांटा से शताब्दीपुरम आरओबी
प्रोजेक्ट शुरू अक्टूबर 2017
टाइम लिमिट मई 2019
लंबाई 815 मीटर
चौड़ाई 12 मीटर
लागत 20.73 करोड़
तानसेन आरओबी
प्रोजेक्ट शुरू जून 2018
टाइम लिमिट मई 2019
लंबाई 760 मीटर
चौड़ाई 12 मीटर
लागत 35.81 करोड़
नीडम आरओबी
प्रोजेक्ट शुरू मई 2016
टाइम लिमिट मई 2019
लंबाई 967 मीटर
चौड़ाई 12 मीटर
लागत 42 करोड़
