भाजपा में हंगामा-रेमडेसिविर इंजेक्शन और ऑक्सीजन को लेकर ऊर्जामंत्री के बंगले के बाहर जमीन लेटे पूर्व जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा,
ग्वालियर. ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की किल्लत ने बीजेपी में कलह मचा दिया है। अपनी ही सरकार के खिलाफ कुछ बीजेपी नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। जो काम विपक्ष को करना चाहिये, इस समय वह काम ऐसे बीजेपी नेता कर रहे हैं, जिनको अभी साइड लाइन कर दिया गया है। रेमडेसिविर इंजेक्शन नहीं मिलने पर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के नजदीकी और पूर्व भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने ऊर्जामंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर को नसीहल तक दे डाली। उन्होंने कहा कि वह नौटकी बन्द करें और जनता की सेवा करें । मंत्री को गहरी नींद से जगाने के लिये वह उनके सरकारी बंगले के बाहर बिस्तर लगाकर लेट गये। वहां धरना प्रदर्शन भी किया। पूर्व जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने अपने कुछ गंभीर बीमार नजदीकियों के लिये मंत्री को पत्र लिखकर रेमडेसिविर इंजेक्शन की मांग की थी। इंजेक्शन नहीं मिलने से उनकी समथ्रकों में बेइज्जती हो गयी इस वजह से उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है।
रेमडेसिविर इंजेक्शन को लेकर हाहाकार
कोरोना संक्रमण के बीच ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की किल्लत से ग्वालियर में हाहाकार मचा हुआ है। इस हाहाकार का प्रभाव भाजपा के अन्दर भी दिखाई दे रहा है। भाजपा का एक खेमा वर्तमान सरकार से काफी नाराज है। कोई ऊर्जामंत्री को नौअंटीबाज तो कोई इंजेक्शन की कालाबाजारी नहीं रोक पाने पर शिवराज सिंह सरकार पर प्रश्न खड़े कर रहा है। रविवार की शाम से ऐसा घटनाक्रम बना हुआ है कि प्रदेश सरकार से लेकर स्थानीयस्तर पर प्रशासन को सवालों के जवाब नहीं देते बना। अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले सभी कभी न कभी केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के खास रहे हैं।
![]()
पूर्व सांसद ने ट्वीट कर खड़े किए सरकार पर सवाल
पूर्व सांसद व प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके अनूप मिश्रा ने ट्वीट में लिखा है कि शिवराज सिंह, अपने प्रदेश में सांसों का संघर्ष अतिदुखदायी स्थिति में पहुंच गया है। रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन की मारामारी, कालाबाजारी ने पूरी व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। आम आदमी की पहुंच से यह दूर हैं, लेकिन दलालों और कुछ नेताओं के पास उपलब्ध हैं। उनके इस ट्वीट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जब से कांग्रेस नेता भाजपा में आए ऐसा हो रहा है
भाजपा के अंदरूनी कलह में हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयवीर भारद्वाज भी कूद पड़े हैं। उनका कहना है कि जब से कांग्रेस के लोग भाजपा में शामिल हुए हैं, भाजपा खत्म होने की ओर बढ़ रही है। हाल ही में भाजपा नेता राजकुमार बंसल का ऑक्सीजन न मिलने से निधन हो गया है। ऐसा ही चला तो सब खत्म हो जाएगा और हमारे मुख्यमंत्री बंगाल विजय का गुणगान कर रहे हैं।
