ग्वालियर में प्रशासन ने होलिका दहन की अनुमति शाम को दी, तैयारियां शुरू
ग्वालियर. रविवार को लॉक डाउन के बीच होलिका दहन होगा। प्रशासन ने होलिका दहन की अनुमति शाम को दी। इसके बाद तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। दोपहर तक होलिका दहन को लेकर असमंजस की स्थिति थी। इस दौरान होलिका दहन के आयोजकों ने इसके लिए कुछ सामान इकट्ठा किया था, लेकिन वह भी वापसी की शर्त पर। शाम को प्रशासन की ओर से कोरोना गाइडलाइन के अनुसार होलिका दहन की अनुमति दी गई, इसके बाद तैयारी तेज कर दी गईं। हालांकि इस बार होलिका दहन के साथ होने वाले रंगारंग कार्यक्रम स्थगित किए गए हैं। शहर में अन्य स्थानों पर भी सांकेतिक होलिका दहन होगा।
कोरोना संक्रमण की वजह से रविवार का लॉकडाउन घोषित किए जाने के बाद से ही असमंजस की स्थिति थी कि शहर में इस बार होलिका दहन होगा या नहीं। इसकी वजह से शहर के लोग और होलिका दहन करने वाली समितियों के पदाधिकारी असमंजस में थे कि वह तैयारी कैसे करें। दाेपहर तक इन स्थानों पर कंडे तो मंगवा लिए गए थे लेकिन कम संख्या में। होली सजाने का काम शुरू नहीं किया गया था। शाम को प्रशासन की ओर से बताया गया कि होलिका दहन किया जाएगा लेकिन इसमें लोगों की संख्या कोविड गाइड लाइन के हिसाब से होगी। वहीं मुस्लिम समाज का त्योहार शब-ए-बरात पर शहर में सांकेतिक कार्यक्रम ही होंगे।
सोशल डिस्टेंसिंग का करेंगे पालन
होली उत्सव समिति सराफा बाजार के मनीष अग्रवाल का कहना है कि प्रशासन की जो गाइड लाइन होगी, उसके अनुसार ही होलिका दहन किया जाएगा। श्री अग्रवाल कहते हैं कि प्रतिवर्ष 25 हजार कंडे होलिका दहन के लिए मंगवाए जाते थे लेकिन इस बार 10 कंडे ही मंगवाए हैं। होलिका का कद घटेगा।
भाईदूज पर कटीघाटी पर होगा हवन
कायस्थ महापंचायत ग्रेटर ग्वालियर 30 मार्च को सुबह 10 बजे कटीघाटी स्थित चित्रगुप्त मंदिर में हवन आयोजित करेगा। उधर अभा कायस्थ महासभा भारत दिल्ली पंजीकृत के राकेश श्रीवास्तव के मुताबिक शहर में होने वाले समाज के सभी होली मिलन समारोह सहित अन्य कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
सर्वार्थ सिद्धि और अमृत योग में होगा होलिका दहन
ज्योतिषाचार्य पं. विजय भूषण वेदार्थी के अनुसार होलिका दहन सर्वार्थ सिद्धि योग एवं अमृत योग में किया जाएगा। 28 मार्च को सुबह 3.26 बजे से भद्रा का प्रारंभ हो जाएगा, वह दिन में 1.51 बजे तक रहेगी। संभाग में प्रदोष बेला में शाम को 6.16 से 8.55 बजे तक होलिका दहन किया जाना शास्त्र सम्मत है। इस अवधि में सर्वार्थ सिद्धि योग एवं अमृत योग का समय भी चल रहा होगा। 29 मार्च को धुलेंडी का त्योाहर मनाया जाएगा।
