पुलिस में उच्च पद का प्रभार लेने वालों पर कार्रवाई भी बड़ी होगी

भोपाल. पुलिस महकमे में उच्च पद का प्रभार लेने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई भी पद के हिसाब से यानी बड़ी होगी। अब अधिकारी के पास जिस पद का प्रभार होगा, उसी के अनुसार गोपनीय चरित्रावली लिखी जाएगी साथ ही दंड या सजा का निर्धारण भी उसी पद के अनुसार किया जाएगा। पदोन्नति और प्रभार के अंतर को स्पष्ट करते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विवेक जौहरी ने इस आशय के आदेश जारी कर दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नति में आरक्षण का मामला लंबित होने के कारण पुलिसकर्मियों को उच्च पद का प्रभार दिया जा रहा है। आरक्षक से प्रधान आरक्षक, प्रधान आरक्षक से सहायक उप निरीक्षक और उप निरीक्षक से निरीक्षक का प्रभार देने की प्रक्रिया जारी है। अब निरीक्षक से उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद का प्रभार देने का रास्ता भी साफ हो गया है। उच्च पद का प्रभार देने के बाद उनकी गोपनीय चरित्रावली लिखने और किसी मामले में दंड या कार्रवाई को लेकर भ्रम हो रहा था।

दरअसल, अभी तक की व्यवस्था यह थी कि किसी अधिकारी को उच्च पद का प्रभार दिया जाता था तो उनकी गोपनीय चरित्रावली में दर्ज होने वाली टिप्पणी उनके मूल पद यानी प्रभार से एक पद नीचे के मुताबिक लिखी जाती थी। इसी तरह किसी मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई भी मूल पद के आधार पर की जाती थी। डीजीपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब सारी कार्रवाई प्रभार वाले पद के हिसाब से सुनिश्चित की जाएंगी।

इसलिए किया गया बदलाव

बड़ी संख्या में उच्च पद का प्रभार देने से अधिकारियों की जिम्मेदारी बदल गई है। उन्हें अधिकार भी उच्च पद के मिल गए हैं। पुराने नियम के हिसाब से समान रैंक वाले अधिकारी को ही सजा या गोपनीय चरित्रावली लिखने का अधिकार होता था। इस विसंगति को दूर करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने इससे संबंधित नियम की एक धारा में संशोधन किया गया है।

वहीं, उप पुलिस अधीक्षक का प्रभार मिलने से संबंधित अब राजपत्रित अधिकारी की श्रेणी में आ जाएंगे। उनके बारे में कार्रवाई का निर्धारण राज्य प्रशासन के नियमों के तहत होता है। ऐसे में अधिकारों को लेकर स्पष्टता नहीं आ रही थी। कई जिलों से अधिकारियों ने इस संबंध में पुलिस मुख्यालय से मार्गदर्शन मांगा था। नए नियमों के तहत अब अधिकारों के टकराव को दूर किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *