ग्वालियर की जनता परेशान, फिर गंदा पानी आया, पीना तो दूर नहा लो तो शरीर से बदबूल आने लगे
ग्वालियर. गर्मी के साथ ही एक बार फिर नगर निगम शहरवासियों को साफ पानी प्रदान करने में अक्षम साबित होता दिखाई दे रहा है हालात यह है कि शहर के तमाम इलाकों में गंदे पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। वार्ड 37 में एक सप्ताह पहले ही नलों से आए गंदे पानी की तमाम शिकायतें निगम मुख्यालय पहुंची थीं लेकिन इन पर गंभीरता से ध्यान देकर यह कहकर इस गंभीर मसले को दरकिनार कर दिया गया था कि कहीं सीवर लाइन मिल गई होगी ठीक करवा दिया जाएगा बाद में पानी खुद ही साफ आने लगा लेकिन आज सुबह जब फिर पानी की सप्लाई शुरू हुई तो नलों से गंदा और बदबूदार पानी टपका जिसने लोगों को परेशान करके रख दिया है। इस पानी को पीना तो दूर यदि इससे नहा लिया जाए तो शरीर बदबू मारन लगे।
वार्ड 37 घनी आबादी वाला क्षेत्र है और यहां अन्य क्षेत्रों की तरह ही पानी की एक दिन छोड़कर सप्लाई की जाती है। मंगलवार को जहां लाइट न होने के कारण लोग पानी के लिए परेशान होते रहे थे वहीं आज जब फिर वह खाली बर्तन नल के नीचे रखे तो नलों ने गंदा और बदबूदार पानी उगलना शुरू कर दिया ऐसे में लोगों की दिक्कत बढ़ गई पहले ही दो दिन से पानी के लिए परेशान थे अब जबकि पानी की आस थी तो फिर गंदा पानी आ गया। इन हालात में लोगों को तेज धूप में हाथ में खाली बर्तन लिए पानी के लिए भटकना पड़ा। इस मामले को लेकर अधीक्षण यंत्री आरएलएस मौर्य का कहना था कि इस तरह की शिकायत मिली थी वहां टीम भेजी गई है। शीघ्र ही समस्या दूर करवा दी जाएगी, चूंकि नई लाइनें डल रही है इसलिए गंदा पानी आ गया होगा।
