पॉश कॉलोनी द्वारिकापुरी में मोटरसाईकिल सवार 3 बदमाशों ने फोड़े 4 कारों के कांच
ग्वालियर. पड़ाव थाना क्षेत्र की द्वारिकापुरी निवासी सुनील शर्मा ठेकेदार हैं। मंगलवार की रात साइट से आने के बाद अपनी फॉर्च्यूनर कार नम्बर एमपी07सीसी 2100 को घर के बाहर पार्क किया था। वह रात को खाना खाकर सो गये। बुधवार की सुबह जब नींद खुली तो पता चला कि उनकी कार के कांच टूटे पड़े थे। किसी से पूरी कार को बुरी तरह से फोड़ा था। जैसे उनसे कोई दुश्मनी निकाली हो। कार के इस तरह कांच तोड़ने पर हंगामा खड़ा हो गया।
खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। तभी पता चला कि पास ही रहने वाले देवेन्द्र भट्ट कीकार बेजा नम्बर एमपी07ईएफ 2101 के कांच भी सिरफिरों ने तोड़ दिये हैं और उनके घर से कुछ दूरी पर रहने वाले राजेश कुमार और उनके पड़ोसी की कार में तोड़फोड की गयी है। यहां भी पुलिस पहुंची और गाडियां निगरानी में ली । पुलिस ने ठेकेदार सुनील शर्मा की शिकायत पर मामला जांच में ले लिया है।
CCTV फुटेज में दिखे 3 बदमाश
पुलिस ने जब आस-पास लगे CCTV कैमरे खंगाले तो पता चला कि वारदात को तड़के 4 बजे एक बाइक से आए दो युवकों ने अंजाम दिया है और वह फुटेज में पथराव करते हुए नजर आ रहे है। इसके बाद बाइक पर सवार होकर भागते दिख रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
पहले भी हो चुकी है घटनाएं
इस तरह आधी रात तोड़फोड़ की यह पहली घटना नहीं है इससे पहले भी लगातार सड़क पर बदमाश उत्पात मचाते रहे हैं। कुछ दिन पहले सिरफिरे बदमाशों ने इंदरगंज, विश्वविद्यालय तथा झांसी रोड थाना और मुरार थाना क्षेत्र के पॉश इलाकों में भी वाहनों की तोडफ़ोड़ की थी। घटनाओं के बाद पुलिस की गश्त को सुधारने के लिए पुलिस कप्तान अमित सांघी को खुद सड़कों पर उतर आए थे। इस दौरान कुछ पुलिस जवानों को लाइन अटैच भी किया था।
