दिल्ली के एलजी को ज्यादा पावर देने वाला विधेयक लोकसभा में पास
नई दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विरोध के बावजूद केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी राज्यक्षेत्र शासन (संशोधन) विधेयक 2021 को लोकसभा से पास करवा लिया है। इस विधेयक में दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) की कुछ भूमिकाओं और अधिकारों को परिभाषित किया गया है।
अरविंद केजरीवाल ने जताई नाराजगी
लोकसभा में इस विधेयक को पास करवाने को आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर की जनता का अपमान बताया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा यह विधेयक दिल्ली में निर्वाचित सरकार से सारी शक्तियां छीन लेगा और ऐसे लोगों को पावर मिल जाएंगी जिन्हें जनता ने चुनाव में हराया था, बीजेपी ने जनता के साथ धोखा किया है।
लोकसभा में ध्वनि मत से पारित हुआ विधेयक
मंत्री के जवाब के बाद लोकसभा ने ध्वनिमत से राष्ट्रीय राजधानी राज्यक्षेत्र शासन (संशोधन) विधेयक 2021 को मंजूरी प्रदान कर दी। इस विधेयक में कहा गया है कि दिल्ली विधानसभा में सरकार का अर्थ उपराज्यपाल से होगा। विधेयक में दिल्ली की स्थिति संघ राज्य क्षेत्र की होगी जिससे विधायी उपबंधों के निर्वाचन में अस्पष्टताओं पर ध्यान दिया जा सके। इस संबंध में धारा 21 में एक उपधारा जोड़ी जाएगी। विधेयक में यह सुनिश्चित करने का प्रस्ताव किया गया है कि उपराज्यपाल को आवश्यक रूप से संविधान के अनुच्छेद 239क के खंड 4 के अधीन सौंपी गई शक्ति का उपयोग करने का अवसर दिया जा सके। विधेयक के उद्देश्यों में कहा गया है कि इससे विधान मंडल और कार्यपालिका के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बढ़ेंगे साथ ही निर्वाचित सरकार और उपराज्यपाल की जिम्मेदारियां स्पष्ट होंगी।
