तस्कर के पास दुर्लभ जाति के कछुआ मिले, वन विभाग की टीम ने दबोचा

ग्वालियर. कछुओं की तस्करी करने वाले बदमाश को वन विभाग की टीम ने रविवार की दोपहर को कछुओं सहित पकड़ा है। बदमाश के कब्जे से 4 कछुआ मिले हैं। इनमें से 3 चम्बल नदी की संरक्षित प्रजाति के हैं एक अलविनो चाइनीज प्रजाति का है। इन कछुओं की बहुत मांग है। तस्कर बदमाश ने बताया वह शिकारियों से 200 रूपये में एक कछुआ खरीदता था। इन्हें 600 से 700 रूपये में बेचता था। पकड़े गये आरोपी ने अन्य दुर्लभ वन्य प्राणियों के अंगों की भी तस्करी की है। कुछ वक्त पहले पकड़े गये भूरा पंसारी काण्ड के आरोपी पूछताछ के बाद इसका नाम लिया।
क्या है पूरा मामला
वन विभाग की टीम को रविवार को सूचना मिली थी, हजीरा रेशममील निवासी शंकरलाल बाथम पुत्र अलकेश बाथम के यहां कछुओं की खरीद फरोख्त की जा रही है। इस पर SDO ग्वालियर राजीव कौशल की टीम ने दबिश दी। रेशममील से शंकरलाल को 4 कछुओं के साथ गिरफ्तार किया है। जांच करने पर पता लगा कि इनमें से दो कछुआ इंडियन टेंट टर्टल प्रजाति, एक इंडियन रूफ टर्टल प्रजाति का है। यह चंबल नदी में पाए जाते हैं और संरक्षित प्रजाति में आते हैं। तेजी से इनकी संख्या घटती जा रही है, जबकि एक कछुआ अलविनो चाइना प्रजाति का है। यह ग्वालियर चंबल अंचल में नहीं मिलता है। तस्कर ने बताया, यह उसने एक दिन पहले ही 1500 रुपए में मुंबई से मंगाया था। आमतौर पर यह कछुआ वह नहीं बेचता है, लेकिन ऑन डिमांड मंगाया गया था। जिसने कछुआ मंगाया था, उसका नाम भी उसने वन विभाग को बता दिया है।
घर में बरकत के लिए रखते हैं लोग
पकड़े गए तस्कर ने खुलासा किया है, लोग 20 नाखून वाला कछुआ मांगते हैं। आम कछुआ 500 से 600 रुपए में बिक जाता है, लेकिन 20 नाखून का कछुआ 2-2 हजार में बिकता है। लोगों का मानना होता है कि ऐसे कछुए को घर में रखने से बरकत आती है। धन दौलत बढ़ती है। उसने तीन साल से कछुआ बेचने की बात कुबूली है। अब तक वह आधा सैकड़ा से ज्यादा कछुआ बेच चुका है।
बड़े गिरोह से जुड़े हैं तार
कुछ समय पहले मुरार के भूरामल पंसारी की दुकान पर वन विभाग व दिल्ली से आई SIT की टीम ने दबिश देकर दुर्लभ वन्य प्राणियों के अंगों के तस्करी के रैकेट का खुलासा किया था। उसमें पकड़े गए भूरा पंसारी ने आशु खंडेलवाल का नाम लिया था। आशु ने एक भूरानाथ सपेरा का नाम लिया था। जब भूरा को पकड़कर पूछताछ की गई, तो शंकरलाल का नाम सामने आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *