महिला को बेटी बनाकर जेल प्रहरी ने किया दुष्कर्म, एफआईआर दर्ज

ग्वालियर. शिवपुरी की एक महिला 2 पुलिस कर्मियों के षडयंत्र का शिकार हुई है। 2 वर्ष पूर्व आरक्षक पति ने महिला का 20 लाख रूपये लाइफ इंश्योरेंस कराकर एक्सीडेंट कराना चाहा। तब अचानक गाड़ी खराब होने से हादस टल गया। घटना प्रदेश के खण्डवा की थी। किसी तरह उस घटना के सदमे से महिला उभरी तो खण्डवा जेल में पदस्थ जेल प्रहरी नारायण सिंह ने महिला को बेटी बनाया और घर ले गया। यहां मदद के नाम पर उसको बंधक बनाकर दुष्कर्म किया है। 2 वर्ष से जेल प्रहरी उसे अपने साथ रखकर दुष्कर्म कर रहा था। अब महिला गर्भवती हो गयी तो आरोपी मेडीकल लीव लेकर गायब हो गया है। घटना की शिकायत पीडि़त महिला ने ग्वालियर के माधवगंज थाना में की हे। पुलिस ने आरोपी जेल प्रहरी पर दुष्कर्म व धमकाने की एफआईआर दर्ज कर ली है। पत्नी पर भी मामला दर्ज हैं।

क्या है पूरा मामला

महिला ने बताया कि जब वह अपने पति से जेल में मिलने जाती थी तो वहां खंडवा जेल में पदस्थ जेल प्रहरी 48 वर्षीय नारायण सिंह पुत्र मातादीन परिहार निवासी प्रीतम विहार कॉलोनी माधवगंज गुढ़ा ग्वालियर ही उसे मिलवाता था। वहां उससे पहचान हो गई। नारायण और उसकी पत्नी उसे बेटी मानते थे। लॉकडाउन से पहले एक दिन वह शिवपुरी से पति से मिलने आई तो नारायण ने उसे अपने घर पर रूकने के लिए कहा। बोला अगले दिन खंडवा चलेंगे। उसकी पत्नी ने भी कहा तू बेटी जैसी है आराम से घर में रह। रात को जेल प्रहरी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे जबरन बंधक बनाकर दुष्कर्म करने लगा। अपने साथ खंडवा में रखा। एक महीने के लिए दतिया के सेवढ़ा में ड्यूटी लगी तो वहां भी गार्ड रूम में उसे रखकर दुष्कर्म किया। साथ ही मारपीट करता था। अभी कुछ समय पहले तक मुरैना में पदस्थापना के दौरान वहां रखकर दुष्कर्म किया। जब महिला गर्भवती हो गई तो आरोपी उसे छोड़कर लीव लेकर गायब हो गया है। जेल प्रहरी की पत्नी उसे धमका रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जेल प्रहरी के खिलाफ दुष्कर्म व धमकाने और उसकी पत्नी को मददगार बनाकर मामला दर्ज किया है।

पति ने मौत दिखाकर 20 लाख क्लेम लेना चाहा

ग्वालियर की माधवगंज थाना पुलिस के सामने शिवपुरी की 22 वर्षीय महिला ने अपनी दुख भरी कहानी सुनाई है। महिला ने बताया कि 2 साल पहले वर्ष 2019 में उसकी शादी झांसी के बबीना निवासी पुलिस जवान से हुई थी। पर शादी के बाद उसके पति ने उसके साथ साजिश की। आरक्षक ने पत्नी का 20 लाख का जीवन बीमा कराया और खंडवा में सड़क दुघर्टना की साजिश रची लेकिन वो तो गाड़ी खराब हो गई और हादसा टल गया। वहां पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया और पति अभी खंडवा जेल में बंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *