बदमाश को गर्लफ्रेंड से मिलाने वाले पुलिस के 2 जवान बर्खास्त, हवलदार को अनिवार्य सेवानिवृत्त
ग्वालियर. इन्दौर के एक व्यापारी की सुपारी देकर हत्या में वाण्टेड रहे बदमाश रोहित सेठी को ग्वालियर जेल से देहरादून पेशी पर ले जाने और वहां से चोरी छिपे उसे मंसूरी ले जाकर गर्लफ्रेंड से मुलाकात करवाने वाले पुलिस कर्मियों पर शनिवार को एसपी अमित सांघी ने कार्यवाही की है। एसपी अमित सांघी ने हवलदार त्रयवंक राव को अनिवार्य रिटायरमेंट और सिपाही संजय भगत, एडविने टर्की को पुलिस की सेवा से बर्खास्त कर अर्थदण्ड लगाया हैं।
क्या है पूरा मामला
एसपी अमित सांघी ने बताया है कि वर्ष 2019 में ग्वालियर जेल से 6 पुलिस कर्मियों का एक दल इन्दौर के शातिर बदमाश रोहित सेठी को देहरादून पेशी पर ले गये थे। लेकिन जेल से बाहर निकलते ही उसे आजाद कर दिया। पुलिस कर्मियों ने बदमाश को रेल से न ले जाते हुए लग्जरी कार से देहरादून पहुंचाया गया था। देहरादून में पेशी के बाद बदमाश को पुलिसकर्मी मंसूरी ले गये और वहा एक होटल में उसकी गर्लफ्रेंड से मुलाकात कराई।
रोहित से मिलने के बाद उसकी प्रेमिका भी मुंबई से मंसूरी पहुंची थी और वहां उसकी प्रेमिका की अंगूठी चोरी होने पर हंगामा हुआ तब पुलिस कर्मियों की हत्यारोपी बन्दी से सांठगांठ का खुलासा हुआ था। इस मामले की जांच की जा रही थी। इसमें सभी पुलिस कतर्मियों को तत्कालीन एसपी नवनीत भसीन ने निलंबित कर दिया था। इस मामले में डीएसपी लाइन की जांच पर तत्कालीन आरआई देवेन्द्रसिंह को भी हटाया गया था। इस मामले में जांच पूरी होने के बाद एसपी ग्वालियर अमित सांघी ने हवलदार त्रयवंक राव को अनिवार्य रिटायरमेंट और सिपाही संजय भगत, एडविन टर्की को बर्खास्त किया है।
