मप्र में 32 घंटे का लॉकडाउन, पिछले 24 घंटे में 1307 कोरोना संक्रमित मिले

भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे है, पिछले 24 घंटे में 1307 नए संक्रमित मिले है। सबसे ज्यादा चिंताजनक स्थिति भोपाल, इंदौर और जबलपुर की है। शनिवार को भोपाल में 345, इंदौर में 317 और जबलपुर में 116 नए केस आए। यही वजह है कि तीनों शहरों में शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक यानी 32 घंटे का टोटल लॉकडाउन लगाया जा रहा है। लॉकडाउन में दिक्कत न हो इसलिए लोगों ने खरीदारी भी शुरू कर दी है। शनिवार को इन तीनों शहरों में बाजार में लोग जरूरी सामान खरीदते नजर आए और जबलपुर में कुछ ज्यादा ही भीड़ दिखी।
स्वास्थ्य विभाग की क्या तैयारी
मंत्रालय जानकारों का कहना है कि कोरोना की रफ्तार को देखते हुए आशंका है कि अगले एक महीने में स्थिति सितंबर जैसी हो जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए आयुष्मान योजना से संबद्ध भोपाल के 145 अस्पतालों को 20 प्रतिशत बेड कोरोना मरीजों के लिए रिजर्व करने के निर्देश दिए जा चुके है।
जिला प्रशासन की क्या तैयारी
तीनों शहरों में जिला प्रशासन लॉकडाउन से इतर सामान्य दिनों में भी कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करा रहा है। यहां भीड़ को कंट्रोल किया जा रहा है। भोपाल में 70 स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए है। मास्क नहीं लगाने पर 100 की जगह 500 रुपए का स्पॉट फाइन किया जा रहा है। इंदौर में तो साफ निर्देश है कि मास्क मुंह पर लगा होना चाहिए कान पर लटका मिला तब भी फाइन लगेगी। प्रशासन का कहना है कि बाजार में 60 प्रतिशत लोग अभी भी बिना मास्क के घूम रहे हैं।
रेल यात्री व परीक्षा देने वाले चिंता न करें
जो यात्री ट्रेन से कहीं जा रहे है या अप-डाउन करते हैं तो वे टिकट दिखाकर स्टेशन जा सकेंगे। अगर किसी की परीक्षा है तो उन्हें भी नहीं रोका जाएगा। कोई बीमार दूसरे जिले से आता है तो उसे सक्षम अधिकारी का परमिशन लेटर दिखाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *