मप्र भाजपा ऑफिस में यौन शौषण, जांच से पहले ही भाजपा का दावा, 200 स्क्वायर फीट के कमरे में लाइब्रेरी, सीसीटीवी भी है, ऐसा नहीं हो सकता
भोपाल. मध्य प्रदेश भाजपा ऑफिस में कथित यौन शोषण मामले से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। जांच शुरू होने से पहले ही बीजेपी के प्रदेश कार्यालय मंत्री राघवेंद्र शर्मा ने दावा किया है कि 200 स्क्वायर फीट के कमरे में लाइब्रेरी है जिसमें 10 से 12 लोग बैठते है। सुबह 11 बजे तो घटना होना संभव नहीं फिर भी जांच की जा रही है। पूरे ऑफिस में सीसीटीवी लगे है, लाइब्रेरी में भी कैमरा है, अगर ऐसा कुछ हुआ होता तो जांच में सच सामने आ जाएगा।
राघवेंद्र शर्मा के इस बयान के बाद कांग्रेस हमलावर हो गई है और उसने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ वाला इनका नारा ढोंग है सच सामने आ गया है। अगर महिलाओं के साथ है तो पीडित को इंसाफ दिलाएं। वहीं पीडि़त का कहना है कि वह मीडिया के सामने कुछ नहीं बोलना चाहती, उसने संगठन के सामने पक्ष रख दिया है। उधर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने इस बात से इनकार किया है कि युवती ने उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी है। सबनानी ने कहा कि युवती ने संगठन में किस पदाधिकारी से शिकायत की है इसकी जानकारी नहीं है, अभी जांच शुरू नहीं की है। लाइब्रेरी में आने-जाने वालों से बात कर सच्चाई का पता लगाया जाएगा। जो तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी।
