उप्र के बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे ने वारदात में जिन हथियारों को इस्तेमाल किया उनमें से 2 हथियार भिंड से बरामद
भिंड. उत्तर प्रदेश के बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे ने वारदात में जिन हथियारों को इस्तेमाल किया था उनमें से दो हथियार मध्य प्रदेश के भिंड जिले से बरामद हुए है। भिंड पुलिस ने अभिषेक शर्मा और आकाश कुशवाह नाम के दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास विकास दुबे के हथियार मिले है। इन हथियारों में अमेरिकन सेमी ऑटोमेटिक रायफल और 12 बोर दुनाली बंदूक बरामद हुई है। विकास दुबे को
जुलाई 2020 में उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था।
हथियार तस्कर अभिषेक व आकाश के पास विकास दुबे के हथियार होने की सूचना मिली
यह पूरी कार्रवाई भिंड जिले के एसपी मनोज सिंह के निर्देश पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने की है। पुलिस ने बताया कि भिंड के शास्त्री नगर के बी ब्लॉक में रहने वाले हथियार तस्कर अभिषेक शर्मा और आकाश कुशवाह के पास विकास दुबे के हथियार होने की जानकारी मिली थी जिसके बाद पुलिस ने दोनों के घरों पर छापा मारकर इन हथियारों को जब्त किया है।
भिंड में बेचे गए थे ये हथियार
बताया जा रहा है कि बिकरू कांड में विकास दुबे ने इन हथियारों का इस्तेमाल किया था, घटना में विकास दुबे के साथ शामिल रहे लोगों ने इन हथियारों को भिंड जिले के इन दोनों तस्कर अभिषेक और आकाश को बेचा था फिलहाल पुलिस ने दोनों से पूछताछ में जुटी है। माना जा रहा है कि दोनों से पूछताछ के दौरान कई अहम सबूत पुलिस के हाथ लग सकते है।
