अल्फानगर किसान की बताकर बेची सरकारी जमीन, प्रॉपर्टी डीलर पर धोखाधड़ी की एफआईआर
ग्वालियर. कुछ वक्त पहले दो प्रॉपर्टी डीलर से 1 हजार स्क्वायर फीट जगह खरीद कर निजी कॉलेज के कर्मचारी अपने सपनों का आशियाना बना लिया था। मकान बनाने के लिये बैंक से लोन भी लिया। गृहप्रवेश के बाद अचानक एक दिन जिला प्रशासन का नोटिस मिला। नोटिस में जगह सरकारी बताकर खाली करने के निर्देश दिये थे। युवक ने तत्काल जमीन की जानकारी निकलवाई तो वह सरकारी निकली।
यह मामला हुरावली स्थिल अल्फानगर की है। शुक्रवार को पीडि़त सिरोल थाना पहुंचा और शिकायत की थी। पुलिस ने सरकारी जमीन किसान की बताकर बेचने वाले प्रॉपर्टी डीलर पर धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की हैं।
क्या है पूरा मामला
सिरोलथाना क्षेत्र के अल्फानगर हुरावली निवासी प्रज्ञानंद सिसोदिया पुत्र बलवान सिंह सिसौदिया एक निजी कॉलेज में जॉब करते हैं। वर्ष 2018 में उनकी मुलाकात प्रॉपर्टी कारोबारी दशरथ पालिया व तहसीलदार पालिया से हुई। मुलाकात के बाद उनके बीच अच्छी बातचीत होने लगी। इसी बीच दशरथ और तहसीलदार ने उन्हें बताया कि उनकी नजर में कुछ जमीन है और अगर वह चाहे तो वह उसका सौंदा करा सकते हैं। उनकी बातों में आकर प्रज्ञानंद ने जमीन देखी और पसंद आने पर साढ़े पांच लाख रुपए में सौदा कर लिया और साथ ही रजिस्ट्री कराने के बाद उस पर बैंक से 12 लाख रुपए का लोन लेकर दो मंजिला मकान बना लिया।
