शहर में सफाई के लिए सख्त हुआ नगर निगम, दिखने लगे अतिक्रमण
ग्वालियर. स्वच्छता सर्वेक्षण के मद्देनजर नगर निगम द्वारा शहर भर में चलाए जा रहे अभियान के दौरान गंदगी के सफाए के साथ ही निगम अमले को अब सड़कों और बाजारों में पसरे तमाम अतिक्रमण भी नजर आने लगे है। इतना ही नहीं कहीं लापरवाही तो कहीं सांठगांठ के दम पर फलने-फूलने वाले ऐसे अतिक्रमणों पर अब निगम की सख्ती का चाबुक भी चलने लगा है हालांकि यह कब तक चलेगा और कितना असरकारक होगा इस पर भी निगाह रखना लाजिमी होगा।
दो दिन पहले निगमायुक्त शिवम वर्मा ने बीरपुर बांध से लेकर स्वर्णरेखा के किनारे अनेक स्थानों सहित जलालपुर के पास नदी तक निरीक्षण किया था। इस दौरान सामने आया कि कई जगह सड़कों पर कचरा मिलने का एक बड़ा कारण मुख्य मार्गों और बाजारों में होने वाले अतिक्रमणों के कारण सफाई न होना पाना भी है। ऐसे तमाम स्थाई और अस्थाई अतिक्रमणों के कारण सफाई में व्यवधान पैदा होता है साथ ही यह अतिक्रणकारी कारोबारी काफी गंदगी फैलाने काम करते है इनके कारण शहर में सफाई अभियान को काफी धक्का लगता है।
निगम के अंदरखाने में सूचना मिली है कि इस तरह के हालातों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के कड़े रूख के डर से मदाखलत अमले के कान खड़े हो गए। इसका असर ये हुआ कि मदाखलत ने इस मामले में तत्काल सक्रियता दिखाते हुए शुक्रवार को मुख्य मार्गों पर कसावट शुरू कर दी। दरअसल नगर निगम आयुक्त वर्मा ने निरीक्षण के दौरान मिले हालातों को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की चेतावनी दे डाली तो मदाखलत अमले अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए सड़कों पर निकल पड़ा। कार्रवाई के दौरान ग्वालियर पूर्व क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर रोड घेरकर खड़े होने वाले ठेलों को हॉकर्स जोन भिजवाया गया और स्टेन्ड के सामने रखी कई अवैध गुमठी व ठेलों को भी हटाया गया।
