इमरती देवी को बंगला खाली करने पीडब्ल्यूडी ने भेजा नोटिस
ग्वालियर. इमरती देवी को आवंटित शासकीय बंगला खाली करने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यपालन यंत्री ओमहरि शर्मा ने नोटिस जारी किया है। नोटिस में लिखा है कि वर्तमान में आपके पास कोई पद नहीं है इसलिए आपको बंगला खाली कर उसे पीडब्ल्यूडी विभाग को सौंपे। ओमहरि शर्मा के नोटिस जारी करने वाले मामले में मंत्री इमरती देवी काफी नाराज है।
जानकारी के अनुसार नवम्बर माह में हुए उपचुनावों में मंत्री इमरती देवी चुनाव हार गई थी। चुनाव हारने के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भेज दिया था लेकिन इस्तीफा अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है। जब तक इस्तीफा स्वीकार नहीं हो जाता है तब तक इमरती देवी के पास महिला एवं बाल विकास मंत्री का पद रहेगा लेकिन 2 दिसम्बर को नोटिस जारी कर बंगला खाली करने के लिए कहा है। भाजपा शासनकाल में मंत्री इमरती देवी को झांसी रोड स्थित बंगला क्रमांक 44ए आंवटित किया गया था। पूर्व में यह बंगला उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया को आवंटित था।
