विधायक आरिफ मसूद मप्र हाईकोर्ट से जमानत मिली, इकबाल मैदान में भीड़ इकट्ठा और धार्मिक भावनाएं भड़काने के बाद भी
जबलपुर. भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद को जबलपुर हाईकोर्ट ने राहत दी है। भोपाल के इकबाल मैदान में भीड़ इकट्ठा कर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में फंसे विधायक को हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत दे दी है। मसूद को दो धाराओं में आरोपी बनाया गया है, आईपीसी सेक्शन 153 ए और सीआरपीसी सेक्शन 438 के तहत केस दर्ज किया गया था।
विधायक आरिफ मसूद पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने के आरोप था उनके साथ 6 और लोगों को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने आरिफ के अलावा 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। आरिफ ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत को लेकर पहले ही याचिका दायर कर दी थी। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 25 नवंबर को आदेश सुरक्षित रखा था। आज 27 नवंबर शुक्रवार को कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए आरिफ मसूद को जमानत दे दी है।
क्या था पूरा मामला
बीते दिनों भोपाल के इकबाल मैदान में मसूद द्वारा भीड़ इकट्ठा कर फ्रांस के राष्ट्रपति का पुतला और झंड़ा जलाया गया था। इस दौरान मसूद द्वारा भाषण दिया गया था कि फ्रांस के उक्त कृत्य का केंद्र व राज्य में बैठी हिंदूवादी सरकार के मंत्री भी समर्थन कर रहे है। मसूद ने चेतावनी दी थी कि यदि सरकार ने फ्रांस के कृत्य का विरोध नहीं किया तो हिंदुस्तान में भी ईंट से ईंट बजा देंगे।
