उपचुनाव के बाद पहली कैबिनेट बैठक, मंत्री आराम से न बैठें, हर माह पेश करना होगा रिपोर्ट कार्ड
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए है कि मंत्री आराम से न बैठें, अब एक मिनट का समय भी व्यर्थ नहीं गंवाना है। सरकार बहुमत में आने के बाद जिम्मेदारी भी बढ़ी है। अब हर माह विभागों की रेटिंग की जाएगी और मंत्रियों को हर माह रिपोर्ट कार्ड पेश करना होगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को सलाह दी है कि वे अपने विभाग में अपनी पकड़ मजबूत बनाएं साथ ही वे हर सोमवार को विभाग की समीक्षा भी करें।
शिवराज सरकार की उपचुनाव के बाद यह पहली कैबिनेट बैठक थी जिसमें मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को सलाह के साथ निर्देश भी दिए और कहा कि केंद्र की योजनाओं को लागू करने में तेजी से काम करना है इसके लिए सीएम डैशबोर्ड बनाया गया है जिसमें केंद्रीय योजनाओं की प्रगति अपडेट की जाए। वहीं सरकारी स्कूलों के कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों की ड्रेस बनाने का काम केवल स्वसहायता समूहों को ही दिया जाएगा।
इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी
मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी को कैनरा बैंक से 7.35 प्रतिशत ब्याज पर 800 करोड़ के लोन लेने के लिए सरकार गारंटी देगी।
मुंबई स्थित मध्यलोक अतिथि गृह भवन निर्माण के लिए पुररीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति।
नेशनल पार्कों व अभयारण्य और चिडि़याघरों में प्रवेश शुल्क से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग के लिए विकास निधि फंड की स्थापना।
स्वीकृत 250 पदों में से 20 पदों को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस इन पलमोनरी मेडिसिन में अंतरण।
जबलपुर में ग्राम गधेरी में राज्य न्यायिक अकादमी की स्थापना के लिए सैद्धांतिक सहमति।
सीहोर की सीप-अंबर सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति।
