सिंधिया को अब भोपाल में मिलेगा बंगला
भोपाल. कांग्रेस का तख्तापलट कर भाजपा में आए सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश सरकार अब एक और नई सौगात देने जा रही है, जल्द ही सिंधिया को राजधानी भोपाल में सरकारी आवास अलॉर्ट किया जाएगा। इसके लिए सरकारी स्तर पर सभी प्रक्रियाएं तेज हो गई है। ऐसा माना जा रहा है कि सिंधिया का ये नया आवास प्रदेश में सियासत का नया केन्द्र बनेगा।
कमलनाथ ने सिंधिया को बंगला नहीं दिया था
कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सिंधिया ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से राजधानी भोपाल में अपने लिए बंगला मांगा था लेकिन उन्हें बंगला नहीं दिया गया। सिंधिया की मंशा थी कि उन्हें पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह के चार इमली स्थित सरकारी आवास दिया जाए लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। वहीं अभी कुछ मंत्रियों को भी सरकारी आवास दिया जाना है ऐसे में सरकार इस मूड में है कि सिंधिया को भी एक बंगला दिया जाए ताकि उन्हें भोपाल में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इतना ही नहीं पार्टी ये भी दिखाना चाहती है कि तो मांग कांग्रेस में रहते पूरी नहीं हुई उसे भाजपा सरकार में पूरा किया गया।
लोकसभा चुनाव में हारने के बाद सिंधिया को दिल्ली के 27, सफदरजंग रोड पर स्थित अपना सरकारी आवास खाली करना पड़ा था जो कभी उनके पिता के पास भी हुआ करता था। इस बंगले से सिंधिया परिवार को खासा लगाव था। इसके बाद सिंधिया के भाजपा में आने के बाद यह बंगला उन्हें एक बार फिर मिल गया है।
