मप्र में केंद्र सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे केंद्रीय कर्मचारी, निजीकरण के विरोध में लगाए नारे
भोपाल. देशभर के साथ ही मध्य प्रदेश में भी कई विभागों के कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए। बैंक, बीमा, डाक, इनकम टैक्स समेत कई विभागों के हजारों कर्मचारियों ने गुरूवार को केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन कर्मचारियों ने निजीकरण का विरोध करते हुए हाय-हाय के नारे भी लगाए।
बैंक, बीमा व बीएसएनएल के दफ्तर में कामकाज प्रभावित हुआ
केंद्र की जनविरोधी आर्थिक नीतियों, कामगार विरोधी श्रम नीतियों किसान विरोधी कानूनों के खिलाफ एवं बैंकिंग उद्योग की मांगों को लेकर राजधानी के नीलम पार्क में बैंक कर्मचारियों ने गुरूवार को सुबह प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौजूद बैंक कर्मियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी निजीकरण का विरोध कर रहे थे। इस प्रदर्शन में बैंकिंग सेक्टर के साथ ही बीमा और बीएसएनएल के कर्मचारी भी शामिल हुए। आज सुबह से बैंक, बीमा और बीएसएनएल के दफ्तर में कामकाज प्रभावित हुआ।
