दुल्हन दिखाने के नाम पर 2 महिलाओं से ठगे 24,500
ग्वालियर. सोशल मीडिया पर अनाथ आश्रम से शादी कराने का विज्ञापन देकर ग्वालियर की 2 महिलायें साइबर ठगी का शिकार हो गयी है। जालसाजों ने बेटे और रिश्तेदारों के लिये दुल्हन तलाश रही थी महिलाओं से अलग-अलग किश्तों में 24,500 रूपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिये। जब महिलाओं ने शादी से पहले दुल्हन से वीडियो कॉल पर बात कराने के लिये कहा तो आरोपियों ने उनके नम्बर ब्लॉक कर दिये। पीडि़ताओं ने साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 और पुलिस से शिकायत की है।
शब्दप्रताप आश्रम इलाके के रामपुरी मोहल्ला निवासी आरती शाक्य और उनकी पड़ोसन पूनम जाटव ने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा था कि इसमें दावा किया गया था। शादी के इच्छुक कुंवारे लड़कों का विवाह अनाथाश्रम की लड़कियों से कराया जाता है। पूनम अपने मौसी के बेटे और आरती अपने बेटे के लिये लड़की ढूढ़ रही थी। विज्ञापन में दिये गये नम्बर पर संपर्क करने पर आरोपी ने अपना नाम गौरव शर्मा बताया और इन्दौर के गुरूनानक अनाथ आश्रम से बात करने का दावा किया। +
तस्वीरें भेजीं, फर्जी फॉर्म और सर्टिफिकेट दिखाए
महिलाओं का भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने वॉट्सऐप पर 8-9 लड़कियों की तस्वीरें भेजीं। लड़की पसंद करने के बाद आरोपी ने दूल्हे-दुल्हन की फोटो लगाकर 500 रुपए के स्टाम्प पेपर जैसा दिखने वाला फर्जी रजिस्ट्रेशन फॉर्म और मैरिज सर्टिफिकेट का ड्राफ्ट भेजा।
आरोपी ने 2 अक्टूबर को शादी कराने का भरोसा भी दिलाया। उसने कहा कि वे केवल एक घंटे के लिए ग्वालियर आएंगे और शादी कराकर लौट जाएंगे। लड़की की शॉपिंग का खर्च लड़के वालों को उठाने की बात कही।
इसके बाद आरोपी ने वॉट्सऐप पर एक वीडियो भेजा, जिसमें फ्रिज, अलमारी, कूलर, बाइक सहित घरेलू सामान दिख रहा था। आरोपी ने दावा किया कि अनाथालय अपनी ओर से बेटी को शादी में यह सामान देता है।इसके बाद एक QR कोड भेजकर पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया। पहली किस्त के 7,500 रुपए ट्रांसफर करने पर खाते में ‘तालिम खान’ नाम दिखाई दिया। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में कुल 24,500 रुपए ट्रांसफर करा लिए गए।
