सेना की फैक्ट्री के पास घूम रहा संदिग्ध युवक, पुलिस पूछताछ कर रही है
जबलपुर. सेना व्हीकल फैक्ट्री के पास बुधवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक को लेकर मचे हड़कंप के बाद पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान शिवम पाठक निवासी हरदौल यूपी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने युवक को घेरकर पूछताछ की थी। उस बीच उसने कभी अपना नाम हामिद अंसाी तो कभी शिवा बताया और स्वयं को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी बताया था। इसके बाद लोगों ने रांझी पुलिस को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरास में लेकर पूछताछ शुरू की है।
घमापुर निवासी एडवोकेट आशीष प्रजापित ने बताया हैकि वह मॉर्निंग वॉक पर जा रहे थे। गोकलपुर के पास भीड़ देखकर रूके तो कुछ लोग एक युवक को चारो तरफ से घेरे हुए थे। आशीष के अनुसार युवक जिस जगह मिला, वह डिफेंस संस्थान के पास है। उसके स्वयं को पाकिस्तान का निवासी बताने पर लोगों ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को सूचना दी है।
विक्षिप्त है, पहले भी कई बार घर से भाग चुका
सीएसपी के मुताबिक शिवम मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया तो पता चला कि वह पहले भी कई बार घर से भाग चुका है। कुछ माह पहले वह राजस्थान चला गया था। परिजनों ने तलाश करने के बाद उसे वापस घर लाया था।शिवम के दो भाई सत्यम और सुंदरम हैं। उसके पिता बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस ने परिजनों को जानकारी दे दी है और उन्हें जबलपुर बुलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक फिलहाल युवक की पहचान और उसके परिवार से जुड़ी जानकारी सामने आ गई है। हालांकि उसने खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का रहने वाला क्यों बताया और उसके बयान बदलने की वजह क्या है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए नारे लगाने के आरोप की भी पुष्टि कर रही है।
