नगरपालिका से 28 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, रात में थाने पहुंची पूर्व मंत्री ने धरना खत्म करवाया
ग्वालियर. डबरा नगरपालिका के गेट पर 8 दिन पूर्व ताला लगाने के मामले में पुलिस कार्यवाही के विरोध में मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि लगभग 12 बजे 12 पार्षद सिटी थाने पहुंचे। यहां बाउंडओवर किये जाने के नोटिस को लेकर पार्षदों की एसडीओपी से तीखी बहस हो गयी। हंगामा बढ़ने केबाद पार्षद थाने के गेट पर ही धरना पर बैठ गये। देर रात 1 बजे पूर्व मंत्री इमरती देवी पार्षदों के बीच थाने पहुंची, जब कहीं जाकर धरना समाप्त हुआ।
समूहिक इस्तीफा 28 पार्षदों ने दिया
नाराज पार्षदों ने रात में ही नगरपालिका अध्यक्ष लक्ष्मीदेवी राजा समेत 28 पार्षदों के सामूहिक इस्तीफ पर हस्ताक्षर कर दिये। 2 पार्षद बाहर होने की वजह से हस्ताक्षर नहीं कर सके। लेकिन उन्होंने भी इस्तीफे पर अपनी सहमति दर्ज करा दी।
रात्रि 1 बजे पहुंची पूर्व मंत्री इमरती देवी
लगातार धरना जारी रहने और पार्षदों के किसी की बात नहीं मानने के बाद रात 1 बजे जब सभी पार्षद होटल से खाना मंगाकर खा रहे थे, तभी पूर्व मंत्री इमरती देवी सुमन थाने पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित पार्षदों से चर्चा कर उन्हें समझाया। इस दौरान शाम को ग्वालियर लौटे एडिशनल एसपी जयराज कुबेर भी वापस डबरा पहुंचे। चर्चा में तय हुआ कि बुधवार दोपहर ग्वालियर एसपी धर्मवीर यादव डबरा आकर समस्या का समाधान करेंगे। इसके बाद पार्षद धरने से उठे और पूर्व मंत्री इमरती देवी उन्हें लेकर थाने से बाहर निकलीं।
