19 करोड़ रूपये की लागत से मोतीमहल में 2 मंजिला संग्रहालय बनेगा
ग्वालियर. संगीत सम्राट तानसेन की नगरी ग्वालियर में संगीत प्रेमियों के लिये मोतीमहल कैम्पस में 2 मंजिला म्यूजियम ऑफ म्यूजिक बनाया जायेगा। एमपी पर्यटन बोर्ड (एमपीटीबी) की इस प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया फायनल स्टेज में है। तकनीकी बोली की जांच पूरी हो चुकी है। अब इस महीने वित्तीय बोली ओपन होगी। इसके बात अंतिम बजट तय कर चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जायेगा। म्यूजियम को तैयार करने के करीब 19.18 करोड़ रूपये का बजट प्रस्तावित है।
पुराने संभागायुक्त ऑफिस में बनेगा म्यूजियम
म्यूजियम ऑफ म्यूजिक मोतीमहल स्थित पुराने संभागायुक्त ऑफिस वाले हिस्से में बनाया जायेगा। पहले भाग में आग लगने की घटना के बाद संभागायुक्त कार्यालय को मोतीमहल के दूसरे हिस्से में शिफ्ट कर दिया गया था। खाली पड़ी इस 2 मंजिला इमारत के हॉल और कमरों को संग्रहालय के रूप विकसित किया जायेगा। तानसेन के नाम पर संगीत संग्रहालय बनाने की योजना का यह दूसरा प्रयास है। इससे पहले केन्द्र सरकार की मदद से मोतीमहल के अन्नापूर्णा भवन में इसके लिये जगह तय की गयी थी। हालांकि बाद में यह जगह पर्यटन निगम को नहीं मिल सकी । वहां स्मार्ट सिटी का कंट्रोल एंड कमांड सेंटर बना दिया गया। स्थान नहीं मिलने से योजना कुछ वक्त के लिये अटक गयी थी। अब नये जगह के चयन और टेंडर प्रक्रिया के साथ प्रोजेक्ट ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है।
तानसेन के जीवन और संगीत सफर की झलक
संग्रहालय को पूरी तरह संगीत की थीम पर तैयार किया जाएगा। इसमें संगीत सम्राट तानसेन के जीवन, उनके संगीत सफर और उनसे जुड़ी दुर्लभ यादों को विशेष गैलरी में प्रदर्शित किया जाएगा। पर्यटकों और संगीत साधकों को तानसेन के दौर का अनुभव कराने के लिए आधुनिक तकनीक और थीम-बेस्ड गैलरी का इस्तेमाल किया जाएगा।
