ग्वालियर में ठेले वाले ने मुंह पर फेंका खौलता तेल, छात्र का चेहरा बुरी तरह चेहरा और कान झुलसा
ग्वालियर. ग्वालियर में एक छात्र पर ठेले वाले ने खौलता हुआ तेल फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह जल गया है। घटना रविवार को रेशम मिल चौराहे की है। यहां छात्र एक ठेले पर मोमोज खाने पहुंचा था। ठेले वाले ने 20 रुपए में 7 मोमोज दिए। इस पर छात्र ने पूछा कि इतने कम क्यों दिए। इस बात पर वह आपा खो बैठा और कढ़ाई से खौलता हुआ तेल निकालकर छात्र पर उड़ेल दिया। इस हमले में छात्र का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए हैं। घटना के बाद झुलसी हालत में छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ठेले वाले की तलाश शुरू कर दी है।

आरोपी ने गुस्से में आकर खौलता तेल फेंक दिया
पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित ‘अंकित मोमोज’ के ठेले पर शिवा ने 20 रुपए के मोमोज खरीदे, लेकिन प्लेट में मोमोज की मात्रा कम होने पर उसने ठेले वाले अंकित से आपत्ति जताई। इसी बात पर नाराज होकर ठेला संचालक अंकित ने छात्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब शिवा ने गाली देने का विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर कढ़ाई में खौलता हुआ तेल सीधे शिवा के चेहरे पर फेंक दिया। गर्म तेल पड़ते ही छात्र चीखने-चिल्लाने लगा। उसके चेहरे और कान की त्वचा बुरी तरह जल गई। घटना के वक्त वहां मौजूद दोस्तों और पीड़ित के पिता ने तुरंत उसे संभाला और अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया
पीड़ित छात्र की शिकायत पर हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी ठेला संचालक अंकित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। हजीरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
