ग्वालियर कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए सुरक्षा के इंतजाम
ग्वालियर. ग्वालियर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस आज फिर प्रदर्शन कर रही है। शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का घेराव किया जा रहा है। प्रदर्शन में जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की अपील की गई है। इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेसी कलेक्ट्रेट पहुंच चुके हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस का प्रदर्शन सुबह 11:30 बजे जिला न्यायालय परिसर के पास से शुरू हुआ। यहां कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्र हुए। इसके बाद रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय की ओर रवाना हुए।

निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठे
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं। पार्टी का कहना है कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त का इस्तीफा जरूरी है। इसी मांग को लेकर कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है।

कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा बढ़ाई
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। कलेक्ट्रेट परिसर और जिला न्यायालय से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वारों पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शनकारी परिसर में प्रवेश न कर सकें।
