सिटी सेंटर में स्विफ्ट कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचीं बहनें

ग्वालियर। सिटी सेंटर स्थित ओरियन टॉवर में आनंद मार्ट के सामने सोमवार शाम करीब 7 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मारुति स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार दोनों बहनों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक MP07 CG 6076 को नानू जैन चला रही थीं। उनके साथ उनकी बहन भी कार में सवार थीं। आनंद मार्ट के सामने पहुंचते ही अचानक कार में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने कार के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनंद मार्ट के संचालक ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और तीन गैस सिलेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
बताया गया है कि नानू जैन, सिटी सेंटर स्थित सोनू ट्रेवल्स के संचालक मुकेश कुमार जैन की बेटी हैं। गनीमत रही कि आग लगने के बाद कार में सवार दोनों बहनें सुरक्षित बाहर निकल आईं। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का तत्काल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *