MP को रेलवे का तोहफा, हेरिटेज ट्रेन अब हफ्ते में चलेगी 5 दिन

भोपाल. पातालपानी से कालाकुंड के बीच चलने वाली प्रदेश की एकमात्र हेरिटेज ट्रेन अब सप्ताह में पांच दिन चलेगी। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा ट्रेन के संचालन को लेकर सोमवार को जारी किए गए नए आदेश के अनुसार अब ट्रेन शुक्रवार, शनिवार और रविवार के साथ मंगलवार एवं बुधवार को भी संचालित की जाएगी। इससे यात्रियों को सप्ताह में पांच दिन पातालपानी-कालाकुंड के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। ट्रेन के आने-जाने के समय व टिकट शुल्क में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है। ट्रेन के अतिरिक्त दो दिन संचालन शुरू होने से पर्यटकों और यात्रियों के लिए इस पर्यटन क्षेत्र की यात्रा करना अधिक सुविधाजनक होगा। खासकर सप्ताहांत के अलावा मंगलवार और बुधवार को भी पर्यटक ट्रेन से सफर कर सकेंगे।
रेल मार्ग प्राकृतिक वादियों के बीच से होकर गुजरता है
पातालपानी से कालाकुंड के बीच करीब 9.5 किलोमीटर का रेल मार्ग प्राकृतिक वादियों के बीच से होकर गुजरता है। इस ट्रैक को भी रेलवे द्वारा हेरिटेज ट्रैक घोषित किया गया है। सफर के दौरान यात्रियों को घने जंगल, हरियाली, पहाड़ी क्षेत्र और झरनों के मनोहारी दृश्य देखने को मिलते हैं।
यह क्षेत्र पर्यटन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल
हेरिटेज ट्रेन शुरू होने के बाद से यह क्षेत्र पर्यटन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हुआ है। ट्रेन के संचालन के दिनों में बढ़ोतरी से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे पातालपानी और कालाकुंड के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार व व्यवसाय के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *