विश्व पर्यटन दिवस पर ग्वालियर दुर्ग में चलेगा स्वच्छता अभियान
ग्वालियर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को ग्वालियर दुर्ग स्थित गुरुद्वारा दाताबंदी छोड़ के सेवादारों और नगर निगम के द्वारा संयुक रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। पर्यटन स्थल की साफ-सफाई के साथ पौधारोपण भी किया जाएगा।
नगरनिगम अपर आयुक्त टीप्रतीक राव ने बताया कि नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन सुबह 8 बजे ग्वालियर किले पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य शहर के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।
स्वच्छता अभियान में एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं, विभिन्न संगठनों, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, ग्वालियर इंफ्लुएंसर कम्युनिटी सहित शहर के प्रबुद्धजनों से शामिल होने की अपील की गई है। सभी से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए पर्यटन स्थल की स्वच्छता और पौधारोपण में योगदान देने का अनुरोध किया गया है।
