एसपी ऑफिस महज 100 मीटर दूरी बैंक एग्जीक्यूटिव पर 4-5 राउंड फायरिंग, बाइक रिकवरी का मामला

ग्वालियर. शहर के व्यस्तम व्यावसायिक इलाके सिटीसेंटर में एसपी ऑफिस से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित सालासर मॉल के पीछे पार्किंग में शनिवार की दोपहर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आयी। स्कॉर्पियो और बाइक से आये बदमाशों ने प्रायवेट फायनेंस कम्पनी के होम लोन डिपार्टमेंट में कार्यरत एक्जीक्यूटिव संदीप गुर्जर को निशाना बनाकर पिस्टर से 4-5 राउंड फायर किये गये। समय रहते संदीप के मौके से ह टजाने की वजह से उसकी जान बच गयी। फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गयी। खबर मिलते ही सीएसपी विश्वविद्यालय रवि भदौरिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। शुरूआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के विवाद में बीच-बचाव करने और डांट फटकार करने से नाराज आरोपियों ने संदीप का निशाना बनाया।
क्या है मामला
ठाठीपुर निवासी राजकुमार प्रजापति सिटीसेंटर स्थित सालासर मॉल के पीछे अम्बिका अपार्टमेंट में संचालिका भाविका एसोसियेट फायनेंस कम्पनी में रिकवरी एजेंट है। शनिवार की दोपहर वह रिकवरी के लिये जा रहे थे। इस बीच उन्हें ऐसी बाइक की लोकेशन मिली। जो उनकी कम्पनी से फायनंस थी जिसकी किश्ते नहीं भरी जा रही थी। राजकुमार ने एलआईसी ऑफिस के पास बाइक को रोक लिया। बाइक पर एक युवक के साथ महिला भी बैठी थी। एजेंट ने बाइक सीज करने की कोशिश की तो युवक ने बताया कि उसने यह बाइक अपने परिचित के दोस्त से खरीदी है। इसी बात को लेकर विवाद हो गया और बाइक सवार वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने साथियों के साथ लौटा और राजकुमार से मारपीट करने लगा। राजकुमार के साथ मौजूद सत्येन्द्र गुर्जर ने अपने भाई संदीप गुर्जर को बुला लिया। संदीप ने बीच-बचाव किया तो दूसरा पक्ष उससे भी विवाद करने लगा।
