बाइक और ट्रक के बीच टक्कर से दोनों छात्र उछलकर हाईवे पर गिरे, इकलौते बेटे सिर से निकला ट्रक का पहिया एक छात्र की मौत दूसरे हालत नाजुक

ग्वालियर. एक दोस्त से मिलकर वापिस घर लौट रहे बाइक सवार 2 छात्रों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों छात्र उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस बीच ट्रक का पहिया एक छात्र के सिर पर से होकर गुजर गया। घटना में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा मुरार थाना इलाके में खुरैरी चौराहे के पास शुक्रवार की शाम हुआ। घटना के बाद भाग रहे ट्रक का पुलिस ने पीछा किया है। पुलिस को पीछे आता देख आरोपी चालक ट्रक छोडकर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी। मृतक छात्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। शनिवार की दोपहर जिला अस्पताल मुरार के पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
दोस्त से मिलकर लौट रहे थे छात्र
भिंड के गोहद स्थित संतोषनगर निवासी बालकृष्ण धवल का 17 वर्षीय बेटा लवकुश धवल कक्षा 12वीं का छात्र था। शुक्रवार का ेवह अपने दोस्त प्रशांत कुमार के संग बाइक से बड़ागांव के पास खुरैरी में एक अन्य दोस्त से मिलने आया था।शाम को दोस्त से मिलने के बाद दोनों मोटर साईकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह खुरैरी चौराहे पर पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक आरजे-जीबी-2235 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाईकिल मार दी।
पुलिस ने किया ट्रक जब्त , चालक फरार
हादसे के बाद पुलिस ने अन्य वाहन चालकों की मदद से भाग रहे ट्रक का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक ट्रक रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
लवकुश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक छोटी बहन है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मुरार थाना टीआई मैना पटेल ने बताया कि सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौत हुई है, जबकि उसका दोस्त घायल है। ट्रक जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
