28 से 30 सितंबर तक बैंकों में हड़ताल
भोपाल. पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को भोपाल में बैंक अधिकारी-कर्मचारी संगठनों ने प्रदर्शन किया। एमपी नगर स्थित प्रेस कॉम्प्लेक्स में पंजाब नेशनल बैंक के पास आयोजित धरने में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के संयोजक संजीव कुमार मिश्रा, एआईबीओसी मध्यप्रदेश अध्यक्ष सुबीन सिन्हा, सचिव दिनेश झा, एसबीआईओए भोपाल सर्कल अध्यक्ष अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत लंबित मांगों के समर्थन में नारे लगाए।
28 से 30 सितंबर तक हड़ताल
बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। 22 सितंबर की सुलह बैठक में सहमति नहीं बनने पर यूएफबीयू ने हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया। 26 सितंबर चौथा शनिवार और 27 सितंबर रविवार है। हालांकि सरकार ने ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र व क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाएं खोलने का निर्णय लिया है। आरबीआई ने शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट के संचालन को मंजूरी दी है।
ग्राहकों के कौन से काम प्रभावित होंगे
हड़ताल से शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक, दस्तावेज, डीडी, लाकर और खाते से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं। कर्मचारी सहायता वाली सेवाओं में देरी संभव है। 30 सितंबर को अर्धवार्षिक वित्तीय समापन होने से कारोबार और अन्य वित्तीय लेन-देन भी प्रभावित हो सकते हैं।
