ग्वालियर में 17 बांग्लादेशियों का फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाला गिरफ्तार
ग्वालियर. बांग्लादेशी नागरिकों का जाली दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट बनवाने में मदद करने वाला बौद्ध भिक्षु गया प्रसाद गौतम उर्फ ज्ञान ज्योति गिरफ्तार कर लिया गया है। 70 वर्षीय गया प्रसाद गौतम ने ही 17 बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट बनवाने में मुख्य गवाह की भूमिका निभाई थी। एसपी, एसटीएफ राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि पिछले दिनों ग्वालियर के डबरा में बौद्ध भिक्षु बनकर रह रहे बांग्लादेशियों के भारतीय पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया था। इसी मामले की जांच में मुख्य गवाह गया प्रसाद गौतम का नाम सामने आया।
2019 में धर्म परिवर्तन कर बना था भिक्षु
चीनोर के पुरा बनवार निवासी गया प्रसाद गौतम 2019 में बौद्ध धर्म अपनाकर भिक्षु बना था। बौद्ध धर्म अपनाने के बाद उसका नाम ज्ञान ज्योति हो गया। 2021 में जिस अवधि के दौरान बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट बनवाने वाला सरगना रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद डबरा के सिमरिया टेकरी स्थित बौद्ध विहार व आंबेडकर पार्क में रुका था, उस समय आंबेडकर पार्क की जिम्मेदारी भिक्षु ज्ञान ज्योति ही संभाल रहा था। जब एसटीएफ ने 17 बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट बनने में उपयोग हुए दस्तावेजों की जांच की तो उसमें बतौर गवाह गया प्रसाद गौतम उर्फ ज्ञान ज्योति का नाम ही सामने आया।
