लगातार हो वर्षा से मुरैना में गिरे 7 मकान, 10 वर्षीय बच्ची हुई जख्मी

मुरैना. कैलारस तहसील इलाके में लगातार तेज वर्षा के चलते ग्राम पंचायत सुरापुरा के गुलपुरा गांव में आधा दर्जन से अधिक मकान गिर गये। इनमें गरीब परिवारों के कच्चे मकानों के साथ एक पक्का मकान भी शामिल है। मकान गिरने से 10 वर्षीय बालिका त्रिवेणी कुशवाह पिता रामवीर कुशवाह जख्मी हो गये। उसके पैर में चोट आयी है। परिजनों के अनुसार लगातार वर्षा की वजह से घरों के आसपास पानी भर गया था। इससे मकान कमजोर हो गये और एक के बाद एक गिर गये। मलबे में घरों में रखा अनाज, राशन और घरेलू सामान दब गया। इससे प्रभावित परिवारों का आर्थिक नुकसान हुआ है। नाथ बस्ती में राजू नाथ, रवि सपेरा, संतोष, अभिताज, धर्मवीर और महेन्द्र के 6 कच्चे मकान गिरने की जानकारी है। वहीं रामकुमार कुशवाह का पटियों से बना मकान भी ढह गया।
अधिकारियों के नहीं पहुंचने का लगाया आरोप
त्रिवेणी के परिजनों का आरोप है कि मकान गिरने और बच्ची के घायल होने के बाद भी पंचायत और राजस्व विभाग का कोई अधिकारी मौके पर स्थिति देखने नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों के नुकसान का सर्वे कराकर राहत दिलाने की मांग की है।
एडीएम अश्वनी कुमार रावत ने बताया कि क्षेत्र के आरआई और पटवारी को मौके पर जाकर जांच करने और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
