MP में बनेगी चौथी रेल लाइन, कई जिलों के लाखों लोगों को मिलेगा फायदा
भोपाल. केंद्र सरकार की ओर से हालही में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूती देने के उद्देश्य से बडा फैसला लिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की दो प्रमुख मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को अपनी आधिकारिक स्वीकृति दे दी है। हालांकि दो अलग-अलग रूटों की इस परियोजना में कुल 4254 करोड रुपये खर्च होंगे जिसमें 288 किलोमीटर रेल लाइनें बिछाई जाएगी। हालांकि इसमें एक 2975 करोड की लागत से कटनी-पेंड्रा रोड पर 201 किमी लंबी चौथी लाइन का मुख्य विस्तार किया जाएगा। इससे मध्य प्रदेश के बडे इलाके के साथ छत्तीसगढ और उससे आगे जाने वाली रेल यात्रा में मजबूती आएगी।
हालही में केंद्र सरकार की ओर से दी गई इस सौगात के बाद शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने इस पर खुशी व्यक्त की है। सांसद हिमाद्री सिंह रेल मंत्री अश्विनी वेष्णव द्वारा उन्हें भेजे गए पत्र को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत कटनी-पेंड्रा रोड के मध्य चौथी रेल लाइन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी का र्हदय से आभार एवं धन्यवाद। बता दें कि दोनों परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 2029 से 2030 तक की समय सीमा तय की गई है।
परियोजना की लागत और रूट का विस्तार
आपको बता दें कि, केंद्र सरकार द्वारा मंजूर की गई इस रेल परियोजना के तहत 201 किलोमीटर लंबी कटनी-पेंड्रा रोड चौथी रेल लाइन के निर्माण पर लगभग 2,975 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इस लाइन के बिछाए जाने के बाद मध्य प्रदेश के कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर से लेकर अमरकंटक तक यात्रियों की रेल यात्रा सुलभ होगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ समेत आगे आवाजाही वाले राज्यों से भी कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसके साथ ही 87 किलोमीटर लंबी बिलासपुर (उसलापुर)-पेंड्रा रोड तीसरी रेल लाइन का निर्माण 1,279 करोड़ रुपए की लागत से होगा।
