अचलेश्वर मंदिर के चुनाव का 11 अक्टूबर को होगा मतदान, जनसंपर्क तेज
ग्वालियर. अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के चुनाव के लिये 11 अक्टूबर को मतदान किया जायेगा। तारीख की घोषणा के बाद अध्यक्ष, सचिव, न्यासी पद के संभावित दावेदारों के न्यास के सदस्यों से संपर्क शुरू कर दिया है। दावेदार दिनभर कामकाज निपटाने के बाद शाम को न्यास के सदस्यों के घर और प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर समर्थन मांग रहे है।
चुनावी वातावरण के बीच प्रमुख सामाजिक और व्यापारिक चेहरों के नाम सामने आने लगे है। अध्यक्ष पद के लिये राजू चड्डा का नाम सबसे आगे चल रहा है। न्यासी पद के लिये महेश मुदगल की दावेदारी कर रहे हैं। वहीं, सचिव पद के लिये अग्रवाल समाज से गणेश अग्रवाल, पप्पू पाल और छोटू महेश्वरी के नामों की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद कुछ और नये चेहरे भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
3,826 सदस्य तय करेंगे न्यास की कमान
न्यास में कुल 3,826 पंजीकृत सदस्य हैं, जो मतदान में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदाता सूची को देखते हुए जिला प्रशासन ने चुनाव को लेकर शुरुआती तैयारियां शुरू कर दी हैं।
चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए क्षेत्रीय एसडीएम और सीएसपी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नामांकन, जांच और नाम वापसी की तारीखों समेत चुनाव का पूरा कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।
एडीएम सीबी प्रसाद ने बताया कि चुनाव को लेकर शुरुआती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन का पूरा ध्यान चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर है। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
