ग्वालियर में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 15 पाव देशी शराब और 15 कैन बीयर जब्त
ग्वालियर. कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार तथा आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त जिला ग्वालियर राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मुखबिर से प्राप्त सूचना एवं नियमित गश्त के आधार पर ग्वालियर शहर, भितरवार एवं मोहना क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। गिरवाई एवं गोल पहाड़िया क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरापान करवाने की सुविधा पाए जाने पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36A के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं अवैध मदिरा विक्रय के मामले में धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई।
आबकारी टीम द्वारा एबी रोड पर अवैध मदिरा परिवहन की रोकथाम के लिए वाहन चेकिंग भी की गई। यादव टॉकीज के पास नई सड़क क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरापान करवाने की सुविधा पाए जाने पर धारा 36A के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। डीडी नगर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 15 पाव देशी प्लेन मदिरा एवं 15 कैन बीयर जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं बेला की बावड़ी क्षेत्र स्थित न्यू पाल ढाबा से अवैध देशी मदिरा जब्त कर धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई।
डबरा क्षेत्र में भी आबकारी बल द्वारा अवैध रूप से मदिरापान करवाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध धारा 36A के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि मदिरा दुकान के पास अवैध अहाते का संचालन करना अथवा लोगों को अवैध रूप से मदिरापान करवाने की सुविधा उपलब्ध कराना आबकारी अधिनियम के तहत अपराध है।
इस कार्रवाई में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 3 अपराध तथा धारा 36A के तहत कुल 5 अपराध, यानी कुल 8 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। कार्रवाई में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी मोनिका पाठक, दिनेश भार्गव, उप निरीक्षक हरेंद्र मावई, सतेंद्र मीणा, शिवा रघुवंशी, सुरेश पाराशर, मुख्य आरक्षक अशोक शर्मा, रवि बघेल तथा आरक्षक राजेंद्र जोनवार, राघवेंद्र भदौरिया, राहुल त्यागी, देवेश शर्मा, संजय दोहरे, अमन राजावत, प्रियंका जाटव, अंजली शर्मा सहित अन्य आबकारी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, परिवहन एवं अवैध रूप से मदिरापान करवाने की गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।
