नवविवाहिता ने किया सुसाइड, डायरी में लिखा कि जब मर्द चाहे हंसो और वह चाहे तो रोओ, भाई ने पुलिस को सौंपे 4 पन्ने
ग्वालियर. जनकगंज थाना इलाके चावड़ी बाजार में शादी 4 माह बाद नवविवाहिता रजनी कुशवाह ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। पुलिस को उसके भाई ने 4 पन्नों की डायर सौंपी है। इसमें रजनी ने पति की बेरूखी, सास के तानों, दहेज और ससुराल में कथित मानसिक प्रताड़ना का सिलसिलेवार जिक्र किया है। पुलिस डायरी में लिखी बातों और हैंडराइटिंग की जांच की जा रही है।
डायरी में रजनी ने लिखा है कि पति रिन्कू लगभग 8.15 बजे घर आता था और बिना बात किये सो जाता था। बीमारी और पीरियड्स के दौरान भी हालचाल नहीं पूछता था। वह रात 2 बजे तक रोती रहती थी। डायरी में लिखा-ऐसा क्यों जब मर्द चाहे तो उसके सामने हंसो और मर्द चाहे तो रोयें।
7 साल अतिथि शिक्षक रही, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी
रजनी MA, B.Ed, PGDCA और B.Lib की पढ़ाई कर चुकी थी। करीब सात साल तक गौहरगंज में अतिथि शिक्षक के रूप में काम किया और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी। भाई के मुताबिक, सास उसकी पढ़ाई को लेकर भी ताने देती थी। पति रिंकू B.Tech है और डबरा तहसील में प्रोजेक्ट पर काम करता है।
रजनी ने सास पर पानी भरने, कपड़े धोने और झाड़ू लगाने जैसे कामों में कमियां निकालकर ताने देने का आरोप लगाया। डायरी में शादी में मिले गहने और स्कूटी अपने कब्जे में रखने और दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की बात भी लिखी है। एकादशी व्रत के दौरान खिचड़ी बनाने के लिए सामग्री नहीं देने का भी जिक्र है। रजनी के मुताबिक, बाद में जेठानी उमा से सामग्री मांगकर काम चलाना पड़ा।
डायरी में रजनी ने आरोप लगाया कि ग्वालियर की स्थानीय बहुओं को छूट दी जाती थी, जबकि भोपाल, सागर और दूसरे शहरों से आई बहुओं को ताने दिए जाते थे।
