ग्वालियर में अवैध शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, 59 पाव जब्त
ग्वालियर. जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार, आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में 12 सितंबर को आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब जब्त की।

मुखबिर से प्राप्त सूचना एवं नियमित गश्त के आधार पर आबकारी बल द्वारा गुदड़ी मोहल्ला-किलागेट क्षेत्र, तानसेन रोड पर लोको के पास तथा मोहना क्षेत्र के किरार ढाबा में कार्रवाई की गई। इस दौरान गुदड़ी मोहल्ला-किलागेट से 20 पाव देसी मदिरा प्लेन, तानसेन रोड पर लोको के पास से 28 पाव देसी मदिरा प्लेन तथा मोहना क्षेत्र स्थित किरार ढाबा से 11 पाव देसी मदिरा प्लेन जब्त की गई। इस प्रकार कार्रवाई में कुल 59 पाव देसी मदिरा प्लेन, जिसकी कुल मात्रा 10.62 लीटर और अनुमानित कीमत लगभग 6 हजार रुपए है, जब्त की गई। मामले में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 3 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
कार्रवाई में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमीन खान, दिनेश भार्गव, उप निरीक्षक हरेंद्र मावई, शिवा रघुवंशी, सतेंद्र मीणा, रवि सिसोदिया, रोशनी पाटीदार, मुख्य आरक्षक रवि बघेल, ब्रजेश नगर तथा आरक्षक पंकज शर्मा, राघवेंद्र भदौरिया, मातादीन धाकड़, मनोज यादव, अमन राजावत, देवेश शर्मा एवं प्रशांत मुद्गल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
