मरीजों की सुरक्षा के लिए 45 एम्बुलेंसों की जांच, अनियमितता मिलने पर कार्रवाई
ग्वालियर. जिले में स्कूली बच्चों, यात्रियों एवं मरीजों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर वाहनों की जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न अस्पताल परिसरों में एम्बुलेंसों की सघन जांच की। जांच अभियान के दौरान 45 एम्बुलेंसों का निरीक्षण किया गया। इनमें से 15 एम्बुलेंसों में फिटनेस, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) सहित आवश्यक दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने पर कुल 57 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
1000 बिस्तर अस्पताल, कैंसर अस्पताल में एम्बुलेंसों की जांच की गई
परिवहन विभाग की टीम द्वारा बीते रोज 1000 बिस्तर अस्पताल, कैंसर अस्पताल एवं जयारोग्य अस्पताल परिसर में एम्बुलेंसों की जांच की गई। अधिकारियों ने एम्बुलेंस संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों और मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वाहनों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

