कैलारस फैक्ट्री चालू करने के लिये 1 लाख किसान आंदोलन करेंगे, आमरण अनशन बैठे विधायक से बोले राहुल गांधी बोले मैं भी आऊंगा
मुरैना. कैलारस शक्कर कारखाना शुरू कराने को लेकर आमरण अनशन पर बैठे विधायक पंकज पाठक के पास शुक्रवार का जीतू पटवारी पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी से विधायक की बात कराई। बातचीत के दौरान पटवारी ने बोला कि अगर सरकार इनकी मांगें नहीं मानेगी तो 1 लाख किसान यहां आन्दोलन करेंगे। उन्होंने राहुल गांधी को भी आने आमंत्रण दिया। इस पर राहुल ने भी हामी भरी। दरअसल कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय 15 अगस्त से आमरण अनशन पर बैठे है। अनशन के 7वें दिन पटवारी ने कैलारस पहुंचकर पंकज उपाध्याय के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
दोहरी नीति अपना रही सरकार
सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर किसानों के साथ दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसान हितैषी होने की बात करते हैं, लेकिन कैलारस शक्कर कारखाने से जुड़े किसानों के हितों के मामले में सरकार की नीति अलग नजर आ रही है।
पटवारी ने कहा कि विधायक पंकज उपाध्याय ने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को नई दिशा दी है। आमरण अनशन का आज सातवां दिन है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक किसी प्रतिनिधि ने बातचीत करने की पहल तक नहीं की। जीतू पटवारी ने मंच से सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार के पास आज शाम 6 बजे तक का समय है।
जीतू ने अखिलेश यादव से बात कराई
सभा के दौरान जीतू पटवारी ने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भी फोन पर विधायक पंकज उपाध्याय और आमसभा स्थल पर मौजूद आमजनता की बातचीत कराई।
कैलारस शुगर मिल फिर से होगी प्रारंभ
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अनुसार मुरैना जिले की बंद पड़ी कैलारस शुगर मिल को फिर से चालू करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इस संबंध में एमएसएमई विभाग ने रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित की है।एमएसएमई विभाग के आयुक्त श्री दिलीप कुमार ने यह जानकारी दी है । उन्होंने बताया कि आन लाइन प्रस्ताव 15 सितम्बर तक आमंत्रित किए गए हैं और उन्हें अगले दिन 16 सितंबर को खोला जाएगा।

