जन-विश्वास शिविर -निराकरण व जन-विश्वास मजबूत करने गाँव-गाँव पुहँचा प्रशासन

शिविर में सुनी गईं 155 से अधिक लोगों की समस्याएँ, अधिकांश का हुआ समाधान 
ग्वालियर, “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत शुक्रवार को ग्वालियर जिले का तीसरा जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर ग्राम अमरौल में आयोजित हुआ। प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी गाँव-गाँव पहुँचे, शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया और अमरौल शिविर में क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों से आए नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ, अपेक्षाएँ और चुनौतियाँ जानीं। शिविर के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज 1819 शिकायतों का निराकरण किया गया, जबकि शिविर में 155 से अधिक लोगों की समस्याएँ सुनी गईं और लगभग 75 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष समस्याओं को पोर्टल पर दर्ज कर समयबद्ध निराकरण के लिए भेजा गया। इस दौरान हितलाभ वितरण, उद्यमियों से प्रेरक संवाद और नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित हुआ।
विधायक मोहन सिंह राठौर ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आप सबकी एक-एक समस्या का समाधान होगा। जो समस्यायें शिविर में तकनीकी कारणों से शेष रह गई हैं, उन सभी को सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया गया है। आवेदन पर दिए गए मोबाइल फोन नम्बर पर ओटीपी आयेगी और संतुष्ट होकर ओटीपी बतायेंगे तभी आपकी समस्या बंद होगी।
जीवाजी विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक मदन सिंह ने बताया कि वे पहले सरकारी नौकरी की तलाश में ग्वालियर में रहते थे। कोविड काल में गाँव लौटने के बाद मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 10 लाख रुपए का ऋण लेकर खाद-बीज की दुकान शुरू की। आज वे स्वयं आत्मनिर्भर होने के साथ लगभग 10 लोगों को रोजगार दे रहे हैं। कलेक्टर ने उन्हें औषधीय पौधों और जैविक खेती की दिशा में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हितलाभ वितरण के साथ मजबूत हुआ जन-विश्वास 
शिविर में अनुग्रह सहायता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के स्वीकृति पत्र, राजस्व प्रकरणों के निराकरण से संबंधित दस्तावेज तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएँ भी उपलब्ध कराई गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *