MP के सरकारी कर्मचारियों की बढ़ेगी सैलरी, जुलाई से मिलेगा 3% इंक्रीमेंट

भोपाल. मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश के लगभग दो लाख कर्मचारियों व अधिकारियों को जुलाई माह से वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) का लाभ मिलने जा रहा है। इस इंक्रीमेंट का सीधा असर उनकी अगस्त महीने में आने वाली सैलरी पर दिखाई देगा, जिसमें यह राशि जुड़कर आएगी।
मूल वेतन में होगा 3 प्रतिशत का इजाफा
सातवें वेतनमान के नियमों के अनुसार, कर्मचारियों को मिलने वाले मूल वेतन में 3 प्रतिशत की वेतन वृद्धि जोड़ी जाएगी। मूल वेतन के बढ़ने का सीधा असर कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के साथ-साथ एनपीएस या पेंशन अंशदान पर भी पड़ेगा, जिससे उनके कुल वेतन में अच्छी खासी बढ़ोतरी होगी। आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई में यह लाभ पाने वालों में लगभग डेढ़ लाख कर्मचारी और 50 हजार अधिकारी शामिल हैं।
पे-लेवल के अनुसार अलग-अलग होगी नकद राशि
इंक्रीमेंट की गणना हमेशा कर्मचारी के मूल वेतन के आधार पर की जाती है। यही कारण है कि अलग-अलग पे-लेवल (वेतन स्तर) वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खाते में आने वाली इंक्रीमेंट की नकद राशि भी भिन्न-भिन्न होगी। सातवें वेतनमान में साल में केवल दो बार इंक्रीमेंट तय करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि विभागों को पूरे साल अलग-अलग तिथियों पर कर्मचारियों की वेतन वृद्धि निर्धारित करने की झंझट से मुक्ति मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *