डाक्टर से 50 लाख 12 हजार रूपये की ऑनलाइन ठगी
ग्वालियर. एक प्रतिष्ठित सर्जन (डॉक्टर) के साथ शेयर मार्केट में भारी फायदा का झांसा देकर 50,12,196 (पचास लाख बारह हजार एक सौ छ्यानवे रूपये) की बड़ी साइबर ठगी की वारदात सामने आयी है। ठगों ने डॉक्टर को फर्जी ट्रेडिंग एप ‘‘बीआर नोवा’’ डाउनलोड कराकर विभिन्न बैंक खातों में लाखों रूपये जमा करवा लिये। जब डॉक्टर ने अपने पैसे और मुनाफा निकालना चाहा तो ठगों ने 25% फायदा और 10% एप यूज करने की एकस्ट्रा फीस की मांग शुरू कर दी।
यहां चिकित्सक को पहली बार अहसास हुआ कि वह ठकों के चक्कर में फंस गया है अब काफी देर हो चुकी थी। घटना 28 जून से 7 अगस्त 2026 के बीच की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीडि़त डॉक्टर की शिकायत पर सिरोल थाना पुलिस ने साइबर सेल में दर्ज 2 अलग-अलग ई-जीरो एफआईआर को मर्च कर शनिवार को एक असल एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला
शहर के सिरोल थाना स्थित सनवैली टाउनशिप में रहने वाले 51 वर्षीय डॉ. नवदीप चव्हाण सर्जन हैं। गोविंदपुरी चौराहा पर श्रीगंगा क्लिनिक नाम से अपनी क्लिनिक चलाते हैं। डॉक्टर चव्हाण ने बताया कि कुछ समय पहले वह सोशल मीडिया चला रहे थे तो शेयर ट्रेडिंग का एक एड देखा था। जिस पर क्लिक किया तो ठगों ने मोबाइल नंबरों (8300682282, 9365762655, 6295810436) के माध्यम से व्हाट्सएप पर संपर्क किया और शेयर मार्केट में पैसे इन्वेस्ट करने का लालच दिया। इसके बाद ठगों ने उनका नंबर ‘Elite VIP Group B’ नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया, जहां निवेश पर भारी रिटर्न का दावा किया जा रहा था। साथ ही नए-नए प्लान बताए जा रहे थे।
